व्यवहार न्यायालय गिरिडीह में 09 सितंबर, 2023 को आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु न्यायिक पदाधिकारियों के साथ किया गया बैठक का आयोजन।
गिरिडीह ---- माननीय झालसा, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के मार्गदर्शन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 09 सितंबर, 2023 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह की ओर से व्यवहार न्यायालय परिसर गिरिडीह में किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह सौरव कुमार गौतम ने कहा कि माननीय झालसा, रांची द्वारा आमजनों एवं पक्षकारों के सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पुनः एक बार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 09 सितंबर, 2023 को कराने का निर्देश प्राप्त हुआ है। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह श्रीमती वीणा मिश्रा के मार्गदर्शन में इस आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज दिनांक 09 अगस्त, 2023 को गिरिडीह न्याय मंडल के सभी न्यायिक दंडाधिकारियों के साथ इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु बैठक किया गया। इस मीटिंग में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह श्रीमती वीणा मिश्रा के द्वारा गिरिडीह न्याय मंडल में पदस्थापित सभी न्यायिक दंडाधिकारियों के साथ उनके न्यायालयों में लंबित सुलहनीय मामलों का अधिक से अधिक संख्या में निष्पादित करने हेतू मामलों को चिन्हित कर पक्षकारों को यथाशीघ्र नोटिस नोटिस भेजने का निर्देश दिया गया। सचिव महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह सौरव कुमार गौतम ने इसके बारे में जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के सुलहनीय आपराधिक मामले, सिविल मामले, वाहन दुर्घटना वाद से संबंधित मामले, वन विभाग, बिजली विभाग, माप तौल विभाग, श्रम विभाग, उत्पाद विभाग, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले, सर्टिफिकेट केस, बैंक वाद, इंश्योरेंस क्लेम, टेलीफोन एवं नगर निगम से संबंधित मामले, ट्रेफिक चालान सहित जनोपयोगी सेवाएं से संबंधित मामलों का निष्पादन पक्षकारों के आपसी सहमति के आधार पर किया जाना है। इसके लिए सभी संबंधित न्यायालयों तथा विभागों से सुलहनीय मामलों को चिन्हित करने तथा संबंधित पक्षकारों को नोटिस प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि माननीय झालसा, रांची के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष सह महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह श्रीमती वीणा मिश्रा के आदेशानुसार दिनांक 09 जूलाई, 2023 से 08 सितंबर, 2023 तक लगातार राष्ट्रीय लोक अदालत प्री-कॉन्सिलिएशन बैठक का आयोजन सभी न्यायालयों एवं सभी संबंधित विभागों में प्रतिदिन कार्यालय दिवस में किया जा रहा है। इस प्री- कॉन्सिलिएशन बैठक में आम पक्षकार अपने-अपने मामलों को रखवा कर निष्पादित करवा सकते हैं। इस बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह लक्ष्मीकांत, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह अशोक कुमार, अवर न्यायाधीश वरीय कोटि नईम अंसारी, अवर न्यायाधीश वरीय कोटि सुश्री कुमारी नीतिका, अवर न्यायाधीश वरीय कोटी सुश्री सोनम विश्नोई, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह सुश्री श्रुति सोरेन, न्यायधीश प्रभारी गिरिडीह आशीष अग्रवाल, प्रधान दंडाधिकारी किशोर न्याय बोर्ड सुश्री सीमा कुमारी मींज, मुंसिफ गिरिडीह एडिथ होरो सहित गिरिडीह न्याय मंडल के सभी न्यायिक दंडाधिकारीगण उपस्थित थे। सचिव महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह ने आम पक्षकारों, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, विद्वान अधिवक्ताओं, मीडिया बंधुओं से अपील किया कि सभी अपने अपने-अपने स्तर से इस आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में आम जनों में प्रचार प्रसार कर इसे सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।


0 Comments