Translate

आदिवासी महोत्सव के विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत

 आदिवासी महोत्सव के विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
पर्यटन, कला - संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग अंतर्गत खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय "झारखंड आदिवासी महोत्सव 2023" के तहत आयोजित एथलेटिक्स, तीरंदाजी एवं फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता टीम एवं खिलाड़ियों को गुरुवार शाम एक समारोह का आयोजन कर पुरस्कृत किया गया।
स्थानीय गोड्डा कॉलेज मैदान पर आयोजित पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त श्री संजय कुमार सिन्हा एवं जिला खेल पदाधिकारी श्री मनोज कुमार के हाथों निर्धारित नकद राशि पुरस्कार के तौर पर फुटबॉल की विजेता टीम को ₹21000, उपविजेता को ₹15000 एवं तृतीय स्थान पर रही टीम के लिए ₹11000 जबकि इंडिविजुअल गेम के लिए प्रथम पुरस्कार ₹5000, द्वितीय पुरस्कार ₹3000 एवं तृतीय पुरस्कार ₹2000 रुपए के चेक के साथ ट्राफी एवं मेडल प्रदान कर विजेता टीम व खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कुश्ती संघ सचिव सुरजीत झा ने किया। इस अवसर पर बालिका आवासीय वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र के कोच देवाशीष झा, कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष अखिल कुमार झा एवं गतका संघ सचिव शैलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री सिन्हा ने सभी विजेता टीम एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में भी कैरियर की असीम संभावनाएं हैं। जम कर अभ्यास करें और अपने जिला, राज्य एवं देश का नाम रोशन करें।
एथलेटिक्स के 100 मीटर बालिका दौड़ का खिताब जहां ललिता मुर्मू ने जीता वहीं प्रीति मुर्मू दूसरे तथा बहा टुडू तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर का स्वर्ण पदक जहां प्रीति मुर्मू ने अपने नाम किया वहीं रजत पदक पर सबीना बास्की का तथा कांस्य पर ललिता मुर्मू का कब्जा रहा ,400 मीटर के स्पर्धा में सबीना बास्की पहले स्थान पर, सुबुदमनी मुर्मू दूसरे स्थान पर तथा मीनू किस्कू तीसरे स्थान पर रही। रिले का खिताब सबीना बास्की की टीम ने अपने नाम किया जबकि प्रीति मुर्मू की टीम  दूसरे एवं मेरिलिना सोरेन की टीम तीसरे स्थान पर रही।
उधर बालक वर्ग में 100 मीटर रेस का खिताब उपेंद्र हेंब्रम ने जीता जबकि दूसरे एवं तीसरे स्थान पर क्रमशः जुलियस मुर्मू एवं अर्जुन हेंब्रम रहे। 200 मीटर दौड़ स्पर्धा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर क्रमशः देवेश मुर्मू, उपेंद्र हेंब्रम एवं आयलेश टुडू रहे। 400 मीटर स्पर्धा में मोहन मरांडी विजेता, सनत मुर्मू उपविजेता तथा श्यामदेव चौड़े तीसरे स्थान पर रहे।*
*रिले का खिताब लखन टुडू की टीम के नाम रहा जबकि दूसरे स्थान पर श्यामदेव चौड़े की टीम एवं तीसरे स्थान पर सुशील किस्कू की टीम  रही। 400 x 400 रिले मुकाबले में लखन टुडू पहले, श्यामदेव चौड़े दूसरे तथा अजय मोदी तीसरे स्थान पर रहे।
तीरंदाजी स्पर्धा के बालिका वर्ग में मीना मरांडी पहले स्थान पर, ललिता मुर्मू दूसरे स्थान पर तथा मिनी हांसदा तीसरे स्थान पर रही। जबकि बालक वर्ग में पहले स्थान पर जिकेश मुर्मू, दूसरे स्थान पर आनंद मुर्मू तथा तीसरे स्थान पर रमेश मुर्मू रहे।
फुटबॉल प्रतियोगिता में महिला वर्ग के खिताब पर जहां फूलो झानो स्पोर्टिंग क्लब पथरगामा ने कब्जा जमाया वहीं एकलव्य गोड्डा दूसरे स्थान पर तथा एफ सी गोड्डा तीसरे स्थान पर रही।
वहीं पुरुष वर्ग का विजेता खिताब महागामा की टीम ने अपनी झोली में डाला जबकि दूसरे स्थान पर रामनगर पथरगामा और तीसरे स्थान पर टी एम वाय सी गंगटा खुर्द रही।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए रेफरी अनिल सवैया, ईश्वर हांसदा, अनुपम मुर्मू, नाईकी मुर्मू, इनोसेंट टुडू, मतीश कुमार, पुनीत कुमार एवं दीपक कुमार सिंह को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में फुटबॉल को समर्पित पूर्व खिलाड़ी एवं वर्तमान रेफरी संतोष कुमार निराला जी के आकस्मिक एवं असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया।
धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। खेल में उत्तरोत्तर निखार के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है।


Post a Comment

0 Comments