Translate

उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान का शुभारंभ

ज्योति पाठक
 उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान का शुभारंभ
उपायुक्त मो० जावेद हुसैन द्वारा समाहरणालय स्थित सभागार में 29 मई से 4 जून 2026 तक पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से चलने वाले “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान का आज शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में व्याप्त झिझक एवं भ्रांतियों को दूर करना है।ㅤ
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल खूँटी के कार्यपालक अभियंता श्री मनीष कुमार द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल किशोरियों एवं महिलाओं ही नहीं, बल्कि पुरुषों को भी इस विषय पर जागरूक किए जाने की जरूरत है, ताकि सभी अपने दायित्व एवं भूमिका को समझ सकें। 
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में इस विषय पर नियमित रूप से चर्चा की जाए। साथ ही पेरेंट्स डे के अवसर पर पिता के साथ-साथ माताओं को भी आमंत्रित कर इस विषय पर विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्होंने वीएचएसएनडी दिवस के दौरान भी महिलाओं को माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर जागरूक करने का निर्देश दिया। वहीं पंचायत स्तर पर पैड बैंक बनाने की भी बात कही गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को हाथ में रेड डॉट दिखाकर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी साझा कर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में दो किशोरियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए। उन्होंने बताया कि माहवारी एक सामान्य एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है तथा इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। किशोरियों ने सैनिटरी पैड के उपयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अन्य किशोरियों को प्रेरित किया कि माहवारी को लेकर घबराने अथवा शर्माने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि जागरूक एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जरूरत है। उपायुक्त ने किशोरियों द्वारा साझा किए गए अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार खुलकर संवाद करने की आवश्यकता है।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान पूर्व में भी चलाया गया है, लेकिन इस बार इसे और व्यापक स्तर पर चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कई बार माहवारी से जुड़ी समस्याओं एवं असुविधाओं के कारण विद्यालयों में बच्चियों के ड्रॉप आउट की संख्या बढ़ जाती है। इसलिए विद्यालयों में किशोरियों के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि माहवारी के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उप विकास आयुक्त द्वारा इस अभियान को ग्राम स्तर तक सफल बनाने का आवाहन किया गया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन एवं डीआरसीएचओ खूँटी द्वारा स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उन्होंने बताया कि सामान्यतः माहवारी 7 दिनों से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा 2 घंटे के भीतर बार-बार पैड बदलने की आवश्यकता होने पर अत्यधिक ब्लीडिंग की स्थिति हो सकती है। साथ ही खून का थक्का बनने जैसी स्थितियों के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं कपड़े का इस्तेमाल करती थीं, परंतु अब जागरूकता बढ़ने के साथ अधिकांश महिलाएं एवं किशोरियां सैनिटरी पैड का उपयोग कर रही हैं। पैड के सही निपटारे, विद्यालयों में बच्चियों के लिए अलग रूम एवं पानी की व्यवस्था, पौष्टिक आहार, फल सेवन, आयरन की गोली के नियमित उपयोग तथा अत्यधिक दर्द होने पर ही दर्द निवारक दवा लेने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

साथ ही बच्चों एवं किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मनीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती आपरूपा पॉल चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक  अभय कुमार शील, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अनीशा कुजूर, डीपीएम जेएसएलपीएस श्रीमती मनीषा कुमारी, जिला कोऑर्डिनेटर नीरज कुमार, सभी ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, पेयजल/स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, जल सहिया एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments