जनता की समस्याओं पर संवेदनशील प्रशासन, हम आपको सुनते हैं... में डीसी ने की सुनवाई
==================
प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निष्पादन का निर्देश
==================
समाहरणालय परिसर में मंगलवार को आयोजित हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम (जनता दरबार) में उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आपूर्ति, नगर प्रशासन सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर क्रमवार सुनवाई की गई।
जनता दरबार में चास, नावाडीह, चंदनकियारी, जरीडीह एवं चंद्रपुरा प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजनों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को अनावश्यक कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
दिव्यांगजनों को बैट्री चालित वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों की सुविधा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभुकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीएसआर मद के माध्यम से बैट्री चालित वाहन क्रय कर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में भी हुआ जनता दरबार का आयोजन
उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयोंपर में भी जनता दरबार आयोजित किया गया। वहां प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। कई मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती शालिनी खालको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।






0 Comments