Translate

गिरिडीह उपायुक्त, रामनिवास यादव के निर्देशानुसार अवैध महुआ शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 4000 किलोग्राम जावा महुआ एवं 300 लीटर अवैध शराब जब्त।

गिरिडीह, उपायुक्त, रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद अधीक्षक, श्री शिव कुमार साहू के नेतृत्व में उत्पाद विभाग एवं मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम द्वारा सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बराहमोरिया गांव में अवैध महुआ चुलाई शराब के विरुद्ध व्यापक छापामारी अभियान चलाया गया।

ज्ञात हो कि उक्त क्षेत्र में इससे पूर्व 24 जून 2026 को भी छापामारी की गई थी। उसी अभियान की अनुवर्ती कार्रवाई (Follow-up Action) के तहत पुनः सघन तलाशी अभियान चलाते हुए अवैध शराब कारोबारियों के घरों एवं संदिग्ध स्थलों की जांच की गई। छापामारी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब निर्माण के लिए संग्रहित लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। वहीं, आपूर्ति (सप्लाई) के लिए तैयार लगभग 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब भी बरामद कर जब्त की गई। हालांकि इस संयुक्त छापामारी दल के पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। वंही फरार आरोपितों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गिरिडीह जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार को पूर्णतः समाप्त करने के लिए नियमित रूप से छापामारी अभियान संचालित किया जाएगा।

इस छापामारी के दौरान

लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ

लगभग 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जप्त किया गया।

वंही इस संयुक्त छापामारी अभियान का नेतृत्व उत्पाद अवर निरीक्षक, महेंद्र देवगम एवं पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। अभियान में प्रतिनियुक्त पुलिस सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक राधेश्याम झा, पुलिस बल के जवान तथा गृह रक्षक बल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments