महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा गयाजी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल जयवंती सिन्हा
ब्यूरो रिपोर्ट राजेश कुमार मिश्रा गया जी बिहार
गया। महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC) के अंतर्गत जिला परियोजना प्रबंधक के रूप में पदभार संभालने के बाद अक्टूबर माह से गया जिले में महिला सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यों को धरातल पर उतारा गया है। इन पहलों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
जयवंती सिन्हा ने बताई की मुख्यमंत्री राहत पुनर्वास कोष के तहत पात्र लाभुकों के बीच जिला पदाधिकारी महोदय के आदेशानुसार सहायता राशि का वितरण कराया गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों को समय पर राहत मिल सकी। वहीं, जिले में वन स्टॉप सेंटर के लिए स्वयं के भवन के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है, जिससे पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके साथ ही कामकाजी महिला छात्रावास के संचालन से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। आगामी एक-दो सप्ताह के भीतर छात्रावास का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे कामकाजी एवं अध्ययनरत महिलाओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए शक्ति सदन के संचालन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इसके माध्यम से संकटग्रस्त महिलाओं को संरक्षण, परामर्श एवं पुनर्वास की सुविधा प्रदान की जाएगी। वहीं, सखी वार्ता कार्यक्रम के तहत यह सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान एवं कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं कि भविष्य में कोई भी बालिका विद्यालय छोड़ने को मजबूर न हो।
वन स्टॉप सेंटर एवं डीएचईडब्ल्यू (DHEW) के माध्यम से जिले में विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिला परियोजना प्रबंधक जयवंती सिन्हा के द्वारा महिला एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर निरंतर एवं अथक प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि गया जिला महिलाओं के लिए सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर वातावरण का उदाहरण बन सके।


0 Comments