प्रशिक्षु बच्चों के लिए बने हलुआ को उपायुक्त ने चखा, गुणवत्ता से नहीं हो समझौता : उपायुक्त
===================
आवासीय तिरंदाजी प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षु प्राप्त कर रहे बच्चों से किया संवाद – राज्य व देश का नाम रौशन करने को कहा
===================
हमारे नौनिहाल ही भविष्य के तीरंदाज - इन्हें सर्वश्रेष्ठ सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता, विभिन्न शैक्षणिक गतिविधि में भी हो शामिल
===================
उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने चंदनकियारी स्थित आवासीय तिरंदाजी प्रशिक्षण संस्थान का लिया जायजा, दिया जरूरी दिशा – निर्देश
===================
परिसर स्थित पुस्तकालय भवन का भी लिया जायजा – लाइटिंग, रंग – रोगन, बैनर - फ्लैक्स आदि अधिष्ठापन, शेष कार्य को जल्द पूरा करने को कहा
===================
इसी माह होगा पुस्तकालय का संचालन शुरू, यूपीएससी की पढ़ाई करने वाले छात्रों को मिलेगी सहूलियत - झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) करेगी संचालन
===================
सोमवार को चंदनकियारी स्थित आवासीय तिरंदाजी प्रशिक्षण संस्थान के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने प्रशिक्षु बच्चों के लिए बने हलुआ का स्वयं स्वाद चखा। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए स्पष्ट कहा कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
उपायुक्त ने कहा कि ये बच्चे न केवल अपने परिवार बल्कि जिले, राज्य और देश का भविष्य* हैं। इन्हें बेहतर *प्रशिक्षण, पौष्टिक आहार और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रशिक्षु बच्चों से आत्मीय संवाद, राज्य व देश का नाम रौशन करने का दिया संदेश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर वे राज्य एवं देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रौशन कर सकते हैं।
उन्होंने बच्चों को प्रशिक्षण के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा नियमित रूप से विद्यालय जाने की भी बात कही। उपायुक्त ने कहा कि खेल और शिक्षा का संतुलन ही सर्वांगीण विकास का आधार है।
संस्थान की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
उपायुक्त ने चंदनकियारी स्थित आवासीय तिरंदाजी प्रशिक्षण संस्थान की समस्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण, आवास, भोजन, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संस्थान में उपलब्ध सभी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रशिक्षुओं को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
पुस्तकालय भवन का निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश
संस्थान परिसर स्थित पुस्तकालय भवन का भी उपायुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने लाइटिंग, रंग-रोगन, बैनर-फ्लैक्स एवं अन्य अधिष्ठापन से जुड़े शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि इसी माह पुस्तकालय का संचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे विशेष रूप से यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्रों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
जेसोवा करेगी पुस्तकालय का संचालन
उपायुक्त ने बताया कि पुस्तकालय का संचालन झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) द्वारा किया जाएगा। यह पहल न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का नया केंद्र बनेगी, बल्कि जिले में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक सशक्त मंच भी प्रदान करेगी।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री जगरनाथ लोहरा, बीडीओ श्री अजय कुमार वर्मा, सीओ श्री रवि आनंद, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।
--- इंसेट ---
होली पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
उधर, उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने होली पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु बीडीओ एवं सीओ को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी क्षेत्र में थाना प्रभारी के साथ संयुक्त रूप से भ्रमणशील रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके और पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।










0 Comments