Translate

ईद-उल-अजहा (बकरीद)-2026 के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है।

ईद-उल-अजहा (बकरीद)-2026 के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी,रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया एवं अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के साथ-साथ छोटी-छोटी घटनाओं पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वंही जिले एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जो 27 मई से 29 मई 2026 तक लगातार कार्यरत रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष नियंत्रण कक्ष गिरिडीह में संचालित होगा। इसके अतिरिक्त खोरीमहुआ, डुमरी एवं बगोदर-सरिया अनुमंडल कार्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। इसे लेकर सभी नियंत्रण कक्षों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं चौकीदारों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को नियमित भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन ने आमजनों से भी अपील की है कि पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments