अबुआ आवास पहुंच लाभुक के घर उपायुक्त ने पिया पानी..., कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता
===================
पेटरवार प्रखंड में आम बागवानी एवं अबुआ आवास योजना का किया निरीक्षण, लाभुकों से संवाद कर जाना हालचाल
===================
गुरुवार को पेटरवार प्रखंड अंतर्गत उलगढ़ा स्थित आम बागवानी, ओरदाना स्थित अबुआ आवास एवं कोंध पंचायत के बुढ़नगढ़ा में 35 एकड़ में विकसित आम बागवानी का उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने योजनाओं से जुड़े लाभुकों से संवाद किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उससे हो रहे लाभ की जानकारी ली।
ओरदाना में अबुआ आवास योजना के लाभुक श्रीमती सावीती देवी के घर पहुंचकर उपायुक्त ने परिवार के साथ बैठकर बातचीत की और घर में दिए गए पानी को सहज भाव से ग्रहण किया। इस क्षण ने उपस्थित ग्रामीणों को भावुक कर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सम्मानपूर्वक लाभ पहुंचाना है। प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले।
उन्होंने आम बागवानी योजनाओं का निरीक्षण करते हुए लाभुक गोवर्धन मांझी, लाल किशुन मांझी, बाबु राम मांझी आदि से खेती एवं आय संवर्धन को लेकर विस्तार से संवाद किया।
इस क्रम में उपायुक्त ने मल्टी क्रॉप खेती को बढ़ावा देने, खाली पड़े स्थानों पर पपीते के पौधे लगाने तथा ढलान वाले क्षेत्रों में तालाब निर्माण की संभावनाओं पर कार्य करने का निर्देश दिया।
इस संबंध में उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पेटरवार को प्रस्ताव तैयार करने एवं उत्पादन के बाजार (मार्केट लिंकेज) को लेकर एफपीओ की बैठक आहूत करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि आम बागवानी योजना ग्रामीणों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजन एवं हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर रख-रखाव एवं लाभुकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान लाभुकों ने उपायुक्त को बताया कि योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो श्री मुकेश मछुआ, डीपीआरओ श्री रवि कुमार, बीडीओ श्री संतोष कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी श्री पंकज दूबे, प्रखंड स्तरीय कर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।






0 Comments