मो० शबा की रिपोर्ट
तेनुघाट ---- बेरमो अनुमंडल में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बशिष्ट नारायण सिंह ने अपने कार्यालय में सभी थाना प्रभारियों और इंस्पेक्टरों के साथ क्राइम मीटिंग की। बैठक के दौरान पिछले माह की आपराधिक घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई। एसडीपीओ बशिष्ट नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के आलोक में सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट गाइडलाइन दी गई है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता महिला सुरक्षा, लापता व्यक्तियों की तलाश और आम जनता के साथ पुलिस के व्यवहार को बेहतर बनाना है। थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे गांवों में जाकर लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करें और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें। क्षेत्र में बढ़ती चैन छिनैती की घटनाओं पर एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया कि पुलिस अपराधियों के काफी करीब है। हाल ही में गोमिया और आईईएल क्षेत्रों में हुई छिनैती की घटनाओं के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम संदिग्धों को ट्रैक कर रही है।
वहीं, बंद घरों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि तेनुघाट और बीटीपीएस क्षेत्र में कुछ मामले लंबित हैं, जिनका जल्द ही खुलासा किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में संलिप्त कुछ गिरोहों को पकड़कर जेल भेजा जा चुका है। बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन पर भी चर्चा हुई। एसडीपीओ ने बताया कि अनुमंडल के विभिन्न थानों में हर माह औसतन 150 विविध मामले दर्ज होते हैं। इनमें से महिलाओं से संबंधित अपराध, हत्या, रंगदारी, लापता व्यक्तियों के मामले जैसे संवेदनशील कांडों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से सुलझाने का निर्देश दिया गया है।
मौके पर गोमिया पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार, बेरमो सर्किल इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह, बीटीपीएस थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक पिंकू कुमार यादव, जरीडीह इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह, बेरमो पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी विक्रम कुमार, नावाडीह अमित कुमार सोनी, दुग्धा मनीष कुमार, झरिया ओपी श्रीनिवास कुमार सिंह, गांधीनगर धनंजय कुमार सिंह, रेहावन पिंटू महथा, गोमिया ललपनिया जय प्रकाश इक्का, जरीडीह बिपिनचंद महतो, कसमार कुंदन कुमार, पेटरवार राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी भजन लाल महतो, पेंक नारायण पुर नितीश कुमार, बेरमो महिला थाना से मनोज कुमार, आईएल श्यामल मंडल, कथारा ओपी राजेश प्रजापति सहित महुआतांड थाना प्रभारी आदि मौजूद थे।






0 Comments