Translate

उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बकरीद पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

ज्योति पाठक

 उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बकरीद पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

 पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश, आमजनों से की गई अपील
उपायुक्त मो० जावेद हुसैन, खूँटी की अध्यक्षता में नगर भवन, खूँटी में आगामी 28 मई को आयोजित होने वाले ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक  ऋषभ गर्ग समेत जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड स्तरीय शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित हुए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को पर्व के अवसर पर आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु सतर्क एवं संवेदनशील होकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी ऑन ड्यूटी सक्रिय रहें तथा किसी भी प्रकार की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शांति समिति के सदस्यों से उनके-अपने क्षेत्रों की स्थिति एवं पर्व के दौरान संभावित आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। साथ ही सभी सदस्यों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की गई। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों द्वारा भी कई महत्वपूर्ण सुझाव जिला प्रशासन को दिए गए। 
बैठक में प्रखंड स्तरीय आयोजित शांति समिति की बैठकों में की गई चर्चाओं एवं स्थानीय स्तर पर दिए गए निर्देशों की जानकारी उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को दी गई। विभिन्न क्षेत्रों में पर्व के अवसर पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती सुनिश्चित करें तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर भी सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बकरीद पर्व के अवसर पर दिए जाने वाले कुर्बानी के पश्चात अवशेषों का उचित एवं सुरक्षित तरीके से निष्पादन (डिस्पोजल) करने की अपील की, ताकि स्वच्छता एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था बनी रहे।ㅤ
उपायुक्त ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को पर्व के दौरान साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं आवश्यकतानुसार पानी टैंकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं कार्यपालक अभियंता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया।
बैठक के माध्यम से उपायुक्त ने जिलेवासियों से बकरीद पर्व को शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उपायुक्त ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0 Comments