उपायुक्त ने की नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक, युवाओं को नशा से दूर रखने एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाने का निर्देश
■ *विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के प्रदर्शन किए जाएं।*:- *उपायुक्त*
■ *स्कूलों के 100 मीटर की परिधि में नशापान संबंधी वस्तुओं की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश।*
■ *ग्राम सभाओं में “नशा मुक्त ग्राम” बनाने की शपथ दिलाने का निर्देश समाहरणालय सभागार, गोड्डा में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं नशे के सेवन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संचालित विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।*
*बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सके।*
*उपायुक्त ने निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए तथा स्कूल परिसरों के 100 मीटर की परिधि में नशापान से संबंधित किसी भी प्रकार की वस्तु की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। इस संबंध में सभी विद्यालय प्रधानाध्यापकों से लिखित प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का निर्देश भी दिया गया।*
*उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक प्रखंड को उपलब्ध कराए गए प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यालयों में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित कर नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।*
*उपायुक्त ने आगामी माह में आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में सभी अंचल अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभा समाप्ति के उपरांत ग्रामीणों को “नशा मुक्त ग्राम” बनाने की शपथ अनिवार्य रूप से दिलाई जाए, ताकि ग्रामीण स्तर पर भी नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।*
*पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार ने बैठक में कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संयुक्त अभियान चलाते रहें।*
*बैठक में डिविजनल फॉरेस्ट ऑफीसर श्री पवन बाघ,अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री आलोक वरण केसरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री रितेश जयसवाल, सिविल सर्जन गोड्डा डॉ. एस.सी. शर्मा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री दीपक कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अरविंद प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।*


0 Comments