जिला पर्यटन संवर्धन परिषद (DTPC) की बैठक संपन्न, पर्यटन स्थलों के विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
सलगा पहाड़ को श्रेणी-D पर्यटक स्थल के रूप में अधिसूचित कराने एवं जिले में 100 Mud House के निर्माण पर हुई विस्तृत चर्चा
पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, सड़क संपर्क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर दिया गया बल समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक गोड्डा श्री मुकेश कुमार की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद (DTPC), गोड्डा की बैठक आयोजित की गई।*
*बैठक में जिले में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने, पर्यटन स्थलों के समग्र विकास तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।इस दौरान जिले के पर्यटन स्थलों को आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाने हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर बल दिया गया।*
*बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं परिषद के सदस्यों द्वारा जिले में पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए। उपायुक्त ने कहा कि जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।*
*बैठक के दौरान पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत पंचायत शकरी फुलवार स्थित सलगा पहाड़ को श्रेणी-D पर्यटक स्थल के रूप में अधिसूचित कराने के प्रस्ताव पर विस्तृत रूप से विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त विभागीय निदेशानुसार जिले में 100 (Mud House) निर्माण कराने, विभिन्न पर्यटक स्थलों पर कूड़ादान अधिष्ठापन करने तथा जिले के श्रेणी-C एवं D में अधिसूचित पर्यटन स्थलों पर पर्यटकीय विकास कार्य कराने हेतु प्राप्त प्राक्कलनों पर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के संबंध में भी चर्चा की गई।*
*बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं विकास पर विशेष जोर दिया गया। इसके अंतर्गत पर्यटन स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।*
*उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और जिले की पर्यटन पहचान को नई दिशा मिल सके।*
*बैठक के दौरान माननीय मंत्री, झारखंड सरकार, उद्योग, श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के विधायक प्रतिनिधि, माननीय मंत्री महागामा के प्रतिनिधि, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर श्री पवन बाघ,जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो सहित परिषद के अन्य सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।*


0 Comments