चास डीपीएस का 9वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित
===================
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बच्चों को दिए संस्कार और चरित्र निर्माण के संदेश
===================
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) चा का 9वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।
शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी: उपायुक्त
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल कर डॉक्टर, इंजीनियर या आईपीएस बनना केवल नहीं है, बल्कि बच्चों के चरित्र और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को विषय ज्ञान के साथ-साथ जीवन के मूल्यों की शिक्षा भी दें।
संस्कारहीन शिक्षा का नहीं कोई महत्व
उन्होंने कहा कि आज समाज में ऐसे उदाहरण देखने को मिलते हैं, जहां शिक्षित होने के बावजूद बच्चे अपने माता-पिता की उपेक्षा करते हैं। ऐसी शिक्षा का कोई महत्व नहीं रह जाता। इसलिए बच्चों में संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और पारिवारिक मूल्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है।
संस्कार जीवन का सुरक्षा कवच
उपायुक्त ने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे कटहल काटने से पहले हाथ में तेल लगाने से चिपचिपाहट से बचाव होता है, उसी प्रकार अच्छे संस्कार बच्चों को जीवन की बुराइयों से बचाते हैं। यह जिम्मेदारी शिक्षकों और अभिभावकों दोनों की है।
बेटियों की सुरक्षा और समाज की पवित्रता पर जोर
उन्होंने समाज को मन, कर्म व परिवेश को स्वच्छ रखने की बात कहीं। नैतिकता बनाए रखने और बेटियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक को ऐसा करना चाहिए, तभी समाज सुरक्षित और सशक्त बन सकता है।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्र - छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. मनीषा तिवारी, डीएस मेमोरियल सोसाइटी के श्री सुरेश अग्रवाल, पुष्प सन साइन स्कूल की निदेशक श्रीमती पुष्पा अग्रवाल, प्रधानाध्यापक श्री कृष्णा विश्वास, पत्रकार श्री शशांक शेखर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।











0 Comments