Translate

जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत “जल अर्पण दिवस” कार्यक्रम का सफल आयोजन

जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत “जल अर्पण दिवस” कार्यक्रम का सफल आयोजन

गोड्डा जिला अंतर्गत संचालित जल महोत्सव पखवाड़ा (08 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026) के तहत आज दिनांक 20 मार्च 2026 को “जल अर्पण दिवस” कार्यक्रम का आयोजन सुंदरपहाड़ी प्रखंड के पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत धोपहाड़ी गांव में उत्साह एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सफलतापूर्वक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा श्री बैद्यनाथ उरांव की अध्यक्षता में धोपहाड़ी गांव स्थित SVS योजना स्थल पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय परंपरा के अनुरूप गांव की महिलाओं द्वारा लोटा-पानी से उपस्थित पदाधिकारियों के स्वागत से हुई, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ मांदर की थाप पर ग्रामीणों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता निभाई तथा जल संरक्षण का संदेश देते हुए गांव में जल यात्रा/प्रभात फेरी निकाली गई।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख महोदया ने ग्रामीणों को जल के समुचित उपयोग एवं जल की बर्बादी रोकने हेतु प्रेरित किया। वहीं समाज के गणमान्य मांझी ने अपने संबोधन में जल को समाज की सांस्कृतिक आस्था एवं सम्मान का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर स्थानीय संताली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्यों, महत्व एवं लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधिपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ अनुमंडल पदाधिकारी, प्रमुख महोदया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोड्डा), मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा जल बंधन, जल रक्षा, जल वंदना, जल संकल्प एवं जल श्रृंगार जैसे पारंपरिक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियां संपन्न कराई गईं। इससे उपस्थित ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा ने अपने संबोधन में “जल अर्पण दिवस” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योजनाओं को ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के माध्यम से स्वामित्व लेकर संचालित करने, प्रत्येक घर तक नल से जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, भूजल पुनर्भरण (रीचार्ज), जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, सुंदरपहाड़ी द्वारा पेयजल आपूर्ति के रखरखाव, वर्षा जल संचयन तथा जलकर शुल्क के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल सहिया एवं जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, सक्रिय महिलाओं एवं जल सहियाओं द्वारा फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यपालक अभियंता श्री संजय कुमार शर्मा, जिला समन्वयक श्री संजीव रंजन, DTU सदस्यगण, जिला समन्वयक श्री शत्रुघ्न प्रसाद, कनीय अभियंता श्री सुमंत बाउरी, प्रखंड समन्वयक, पंचायत के जल सहिया, प्रधान, मुखिया, पंचायत सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्ड सदस्य एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

Post a Comment

0 Comments