Translate

जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत “जल अर्पण दिवस” कार्यक्रम का सफल आयोजन

 जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत “जल अर्पण दिवस” कार्यक्रम का सफल आयोजन
गोड्डा जिलान्तर्गत चल रहे जल महोत्सव पखवाड़ा (08 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026) के अंतर्गत आज दिनांक 19 मार्च 2026 को “जल अर्पण दिवस” कार्यक्रम का आयोजन पथरगामा प्रखंड के चिलरा पंचायत अंतर्गत कोलुआ गाँव में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान एवं मुखिया, चिलरा की संयुक्त अध्यक्षता में SVS योजना स्थल पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय परंपरा के अनुरूप गाँव की महिलाओं द्वारा लोटा-पानी से उपस्थित पदाधिकारियों के स्वागत से हुई, जो जल के प्रति सम्मान एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक रहा। इसके उपरांत स्थानीय संताली भाषा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्य, महत्व एवं इसके लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधिपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ जल बंधन, जल रक्षा, जल वंदना, जल संकल्प एवं जल श्रृंगार जैसे पारंपरिक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उपस्थित ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
कार्यपालक अभियंता ने अपने संबोधन में जल अर्पण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योजनाओं को ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के माध्यम से स्वामित्व लेकर संचालित करने, प्रत्येक घर में नल से जल के उपयोग को सुनिश्चित करने, भूजल रिचार्ज, जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी पेयजल आपूर्ति के रखरखाव, वर्षा जल संचयन एवं जलकर शुल्क के महत्व पर विस्तार से जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल सहिया एवं जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सक्रिय महिलाओं एवं जल सहिया द्वारा फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से जल की गुणवत्ता जांच का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक, DTU के सदस्यगण, कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक, पंचायत के सभी जल सहिया, प्रधान, मुखिया, पंचायत सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक, वार्ड सदस्य एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही

Post a Comment

0 Comments