Translate

दिव्यांग जीतन की समस्या पर त्वरित पहल, उपायुक्त ने दिलाया भरोसा

दिव्यांग जीतन की समस्या पर त्वरित पहल, उपायुक्त ने दिलाया भरोसा

===================

हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम में उपायुक्त की पहल - जरूरतमंदों को मिला त्वरित समाधान, 39 से अधिक मामलों पर कार्रवाई के निर्देश

===================

समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित हम आपको सुनते है कार्यक्रम (जनता दरबार) केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़ा एक संवेदनशील मंच बनकर उभरा। इस दौरान बेरमो प्रखंड के गांधीनगर निवासी दिव्यांग जीतन कुमार की समस्या ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जब वह अपनी पीड़ा लेकर जनता दरबार पहुंचे।

उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने न केवल उनकी समस्या को गंभीरता से सुना, बल्कि मौके पर ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) को उनके बंद पड़े राशन कार्ड को तत्काल चालू कराने का निर्देश दिया। यह पहल प्रशासन की मानवीय सोच और संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण बनी।

कार्यक्रम में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए 39 से अधिक लोगों की समस्याओं को एक-एक कर सुना गया। शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आपूर्ति और अंचल स्तर से जुड़े विभिन्न मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।

जनता दरबार ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के प्रति न केवल सजग है, बल्कि उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध भी है। यह मंच उन लोगों के लिए आशा की किरण साबित हो रहा है, जो अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर यहां पहुंचते हैं।

सभी प्रखंडों में भी आयोजित हुआ जनता दरबार

निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की गई। जिन मामलों का 

समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निष्पादन किया गया।

इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती शालिनी खालको, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, परियोजना पदाधिकारी मानिकचंद प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

                                             

Post a Comment

0 Comments