Translate

भावी भारत के लिए आप सबों को तैयार होना है, आप सब भारत के भविष्यः उपायुक्त

भावी भारत के लिए आप सबों को तैयार होना है, आप सब भारत के भविष्यः उपायुक्त

=================== 

एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण के लिए तत्पर रहने की उपायुक्त ने दिलाई शपथ

=================== 

शिक्षित बनो - संगठित रहो – संघर्ष करो से प्रेरित हो सभीः सहबाज

=================== 

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय चास में डॉ. भीम राव अंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

=================== 


भविष्य को गढ़ा जा रहा है, अप सबको भावी भारत के लिए तैयार होना है। आप सबों का जन्म इसलिए नहीं हुआ है कि आप बड़े हो और आपकी शादी हो जाएं और आप घर का चूल्हा - चौका करें। आप भारत के भविष्य है। समाज के लिए – भारत के लिए बहुत कुछ करना है। उक्त बातें उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने कहीं। वह मंगलवार को बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। 

डॉ. अंबेडकर से प्रेरणा लेने की अपील

उन्होंने कहा कि भारत के निर्माण के लिए जिन्होंने अपना सर्वस्व समर्पित किया, उन बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर से हमें सीख लेनी चाहिए। उन्होंने केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए शिक्षा प्राप्त की और अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों, ऊँच-नीच और भेदभाव को समाप्त करने का कार्य किया तथा सामाजिक न्याय पर आधारित समाज की स्थापना का सपना देखा और उसे साकार किया।

इतिहास और संविधान की दी जानकारी

उपायुक्त ने 26 जनवरी के महत्व, रावी नदी के तट पर पूर्ण स्वराज के ऐतिहासिक संकल्प तथा स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए दिए गए हजारों-लाखों बलिदानों के बारे में छात्राओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है और संविधान ‘हम भारत के लोग’ की भावना को मजबूत करता है।

समानता और संघर्ष का दिया संदेश

कार्यक्रम में बतौर अतिथि उपस्थित उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सहबाज अख्तर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने कठिन परिस्थितियों में शिक्षा और संघर्ष के बल पर समाज में समानता और न्याय की नींव रखी। वे भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार थे और सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने जातिवाद और छुआछूत जैसी बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने की आवश्यकता पर बल दिया और शिक्षित बनो- संगठित रहो- संघर्ष करो के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

उपायुक्त ने उपस्थित सबों को दिलाई शपथ

मौके पर उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने बाबा साहेब की जयंती पर सबको शपथ दिलाई। कहा कि मैं/हम सत्यनिष्ठा से यह शपथ लेते हैं कि - मैं, भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ. बी. आर. अंबेडकर द्वारा स्थापित स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों का सदैव सम्मान करेंगे। मैं, समाज में व्याप्त सभी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे तथा प्रत्येक नागरिक के लिए सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने में अपना योगदान देंगे। मैं, बाबासाहेब के इस महान मंत्र - शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो - को अपने जीवन में अपनाएँगे तथा शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहेंगे। मैं, देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने हेतु पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। मैं, एक समावेशी, न्यायपूर्ण एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान और सशक्तिकरण हेतु सदैव तत्पर रहूंगा। जिसका सभी ने दोहराव किया।

उधर, कार्यक्रम की शुरुआत में सभी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन* किया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर एनडीसी श्री प्रभाष दत्ता, डीएलएओ श्री द्वारिका बैठा, डीपीआरओ श्री रवि कुमार, डीपीओ श्री राज शर्मा, डीईओ श्री जगरनाथ लोहरा, डीएसई श्री अतुल कुमार चौबे, एपीआरओ श्री अविनाश कुमार सिंह सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Post a Comment

0 Comments