हम आपको सुनते हैं में डीसी ने सुनी जनता की समस्याएं...
===================
सभी प्रकार के मामलों की जांचोपरांत त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया
===================
समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम (जनता दरबार) में उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आपूर्ति एवं सीओ चास, पेटरवार, नावाडीह, चंदनकियारी, जरीडीह और चंद्रपुरा से जुड़े मामलों पर विस्तार से सुनवाई की गई।अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदनों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
ईडब्ल्यू सर्टिफिकेट के लंबित मामलों पर होगी अलग बैठक
कार्यक्रम के दौरान ईडब्ल्यू सर्टिफिकेट जारी करने में आ रही समस्याओं और लंबित आवेदनों का मामला भी सामने आया। इस पर उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को अलग से बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सरकार से प्राप्त मार्गदर्शन के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सभी अंचलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।
सभी प्रखंडों में भी लगा जनता दरबार
उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया। वहां प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की गई। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निष्पादन भी किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार, डीपीआरओ श्री रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







0 Comments