भागलपुर, समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में "बी०एड० संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2023" के सुचारू संचालन प्रयोजनार्थ बैठक का आयोजन किया गया।उक्त अवसर पर जानकारी दी गई कि भागलपुर शहरी क्षेत्र अन्तर्गत दिनांक-08.04.2023 (शनिवार) को कुल 20 परीक्षा केन्द्रों पर एकल पाली (11ः00 पूर्वाहन से 01ः00 बजे अपराह्न तक) में परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। परीक्षा के शांतिपूर्ण वातावरण में सफल संचालन एवं विधि व्यवस्था के संधारण हेतु 10 जोन में विभक्त करते हुए पर्याप्त संख्या में गश्ती दल -सह- जोनल दण्डाधिकारी, स्टैटिक दण्डाधिकारी एवं सुपर जोनल दण्डाधिकारी कि प्रतिनियुक्ति की गई है। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा संबंधित निदेशों से अवगत कराया गया।सभी केन्द्राधीक्षक परीक्षा तिथि को प्रतिनियुक्त वीक्षक के साथ पूर्वाहन 07ः00 बजे से अपने केन्द्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर वर्णित निदेशों के अनुरूप शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा का संचालन कराना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षार्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में मोबाईल फोन/किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सादा कागज आदि के परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।पूर्वाहन 10ः30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नही दिया जायेगा। जिलाधिकारी ने परीक्षा संचालन हेतु प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूर्ण तत्परता से करने का निदेश दिया है। किसी भी स्तर पर लापरवाही को अत्यंत गंभीरता से लिया जायेगा एवं तदनुसार विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी।
बैठक में अपर समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


0 Comments