■ डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक में विभिन्न योजनाओं के प्रस्ताव पर हुई चर्चा,अनुमोदन
■ डीएमएफटी से छोटी – छोटी योजनाओं को लिया गया,ताकि ज्यादा से ज्यादा योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर हो सके, खनन क्षेत्र से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित 188 पंचायतों में होगी राशि खर्च
■ माननीय चंदनकियारी विधायक श्री अमर कुमार बाउरी, माननीय गोमिया विधायक श्री लंबोदर महतो, माननीय सांसद प्रतिनिधि धनबाद श्री आर एन ओझा, माननीय विधायक प्रतिनिधि बोकारो श्री संजय त्यागी, माननीय विधायक प्रतिनिधि बेरमो श्री विनोद महतो, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख/ विभिन्न पंचायतों के मुखिया ने रखा अपना वक्तव्य
■ बोकारो कल्ब सभागार में आयोजित हुई जिला खनीज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) न्यास परिषद की बैठक, डीएमएफटी से वित्तीय वर्ष 22-23 में हुए कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा।
================================
बोकारो :- सेक्टर पांच स्थित बोकारो कल्ब सभागार में सोमवार को जिला खनीज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की 8 वी. न्यास परिषद की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह न्यास परिषद के अध्यक्ष श्री कुलदीप चौधरी ने की। मौके पर माननीय चंदनकियारी विधायक श्री अमर कुमार बाउरी, माननीय गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महत्तो, जिलापरिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता देवी, धनबाद सांसद प्रतिनिधि श्री आर एन ओझा, माननीय विधायक बोकारो प्रतिनिधि, माननीय विधायक बेरमो प्रतिनिधि, माननीय उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री प्रतिनिधि, उप विकास आयुक्त श्रीमती कीर्तीश्री जी., जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार समेत खनन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित पंचायतों के प्रमुख/उप प्रमुख, मुखिया/उप मुखिया व जिला स्तरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
मौके पर उपायुक्त सह न्यास परिषद के अध्यक्ष श्री कुलदीप चौधरी ने वित्तीय वर्ष 16 -17,17-18,18-19,20-21,21-22 एवं वित्तीय वर्ष 22 -23 के तहत उपलब्ध राशि से कितनी योजनाएं ली गई, इसकी जानकारी दी। इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि पिछले दो वर्षों में जिला प्रशासन ने छोटी – छोटी योजनाओं को डीएमएफटी के तहत लिया है,ताकि ज्यादा से ज्यादा योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन हो सके और लगभग सभी प्रभावित पंचायतों में विकास योजनाएं अच्छादित हो। वित्तीय वर्ष 21 - 22 में जहां 142 करोड़ की राशि से 112 योजनाएं ली गई थी, वहीं वित्तीय वर्ष 22-23 में 170 करोड़ की राशि से 282 योजनाएं ली गई। इस वर्ष भी प्रशासन सभी 188 प्रत्यक्ष - अप्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित पंचायतों में ज्यादा से ज्यादा योजनाएं लेगी। कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन/मानीटरिंग के लिए पांच सदस्यीय टीम प्रोजेक्ट मानीटरिंग यूनिट (पीएमयू) गठित किया गया है,जो इसकी सतत निगरानी करता है।
■ इन प्रस्तावों को किया गया अनुमोदित
अपने संबोधन में उपायुक्त सह डीएमएफटी न्यास परिषद के अध्यक्ष श्री कुलदीप चौधरी ने जिले के वैसे पंचायत जहां कोई पंचायत भवन नहीं है, वहां पंचायत भवन निर्माण का निर्णय लिया। पूरे जिले में ऐसे कुल 24 पंचायत है। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को माडल सीएचसी बनाने के दिशा में जरूरी मशीन उपकरण क्रय/संचालन के लिए चिकित्सक/मेडिकल स्टाफ/तकनीशीयन/मानव बल आदि की व्यवस्था का निर्णय लिया गया। सभी पंचायतों के गांव में मुख्य चौक – चौराहों पर हाई मास्क लाइट/सोलर लाइट आदि का अधिष्ठापन, विभिन्न विद्यालयों में तरीत चालक लगाने, भाड़े में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए मूलभूत सुविधाओं से लैस भवन निर्माण करने, जेएसएलपीएस की एसएचजी महिलाओं समेत अन्य के लिए कलस्टर वार मूलभूत सुविधाओं से लैस सामुदायिक भवन का निर्माण, पेटरवार प्रखंड अंतर्गत पंचायत अरजुवा में लेमन ग्रास यूनिट का अधिष्ठापन, महिलाओं में कृषि एवं आजीविका संवर्धन हेतु बटन मशरूम सह उत्पादन इकाई का अधिष्ठापन, गोमिया को आकांक्षी जिला होने के फलस्वरूप डीएमएफटी की योजनाओं को मिशन मोड में करने, जिले के विभिन्न आदर्श ग्रामों की आधारभूत संचरना को सुदृढ़ करने, आवश्यकता अनुरूप विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण, जिले के सभी प्लस टू विद्यालयों में चाहरदिवारी निर्माण, खेल मैदान निर्माण आदि से संबंधित प्राप्त प्रस्तावों को सर्व सहमति से अनुमोदित किया गया। इसके अलावा सभी संबंधित 188 पंचायतों में जनप्रतिनिधियों/पंचायत प्रतिनिधियों से जो योजनाएं ग्राम सभा के माध्यम से चयनित कर अनुसंशित की गई है, उन सभी योजनाओं को उपलब्ध राशि के अनुरूप लिया जाएगा।
उपायुक्त सह डीएमएफटी न्यास परिषद के अध्यक्ष श्री कुलदीप चौधरी ने सभी सदस्यों को कहा कि डीएमएफटी की राशि जिले के खनन क्षेत्र से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित सभी 188 पंचायतों में होगी। हम सभी को मिलकर विकास का नया माडल तैयार करना है। ताकि अन्य जिलों/बाहर से भी लोग आकर देखें कि आंतरिक श्रोत से जिले का कैसे विकास हुआ है।
इस अवसर पर माननीय विधायक चंदनकियारी श्री अमर कुमार बाउरी ने वित्तीय वर्ष 22 - 23 में डीएमएफटी द्वारा किए गे कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की पुरी टीम को बधाई दी। उन्होंने जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर करने के लिए उपलब्ध उपकरणों के संचालन के लिए तकनीशियनों/मानव बल को रखने की बात कहीं। ताकि बड़ी आबादी को छोटी – मोटी समस्या को लेकर जिला/सदर अस्पताल नहीं आना पड़े। उन्होंने बैठक में प्रभावित पंचायतों की किसी एक समस्या (सड़क - पानी) को पूर्णतः समाप्त करने वाली योजनाओं को केंद्र में रख योजनाओं को लेने की बाद कही। माननीय विधायक ने पुराने सीएचसी भवन को विवाह मंडप के रूप में परिवर्तित करने, पार्क एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सोलर लाइट लगाने की बात कही।
बैठक में माननीय विधायक गोमिया श्री लंबोदर महतो ने भी अपने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं का प्रस्ताव न्यास परिषद के समक्ष रखा। उन्होंने गोमिया – पलिहारी पंचायतों को कोनार्क नदी से पेयजलापूर्ति व्यवस्था करने, कुछ गांवों में सोलर लाइट अधिष्ठापन करने, सीएचसी – पीएचसी में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने, आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय/पेयजल की व्यवस्था,जेएसएलपीएस महिलाओं के लिए कलस्टर स्तर पर सामुदायिक भवन निर्माण,विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा निर्माण आदि की बात कहीं। माननीय विधायक ने भी जिले में वित्तीय वर्ष 22-23 में हुए बेहतर कार्य को लेकर उपायुक्त एवं उनकी पूरी टीम की प्रशंसा की।
मौके पर धनबाद सांसद प्रतिनिधि श्री आर एन ओझा, माननीय विधायक बोकारो प्रतिनिधि श्री संजय त्यागी, माननीय विधायक बेरमो प्रतिनिधि श्री विनोद महतो, माननीय उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री प्रतिनिधि ने अपने संबोधन में क्षेत्र से संबंधित विभिन्न योजनाओं/विकास कार्यों को क्रियान्वित करने की बात कहीं। सभी ने योजनाओं की सूची उपायुक्त महोदय को सौंपी।
इससे पूर्व, उप विकास आयुक्त श्रीमती कीर्तीश्री जी. ने जिले में पिछले वित्तीय वर्ष में डीएमएफटी की प्रमुख एवं नवोन्मेषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवा को बेहतर करने के लिए चिकित्सकों/पारा मेडिकल स्टाफ की भर्ती, जिले के 34 विद्यालयों को आकर्षित बनाने के लिए दीवारों पर बाला पेंटिंग, सदर अस्पताल बोकारो में लिफ्ट/माड्यूलर ओटी, आवासीय विद्यालयों में छात्र – छात्राओं के लिए 450 बंक बेड्स, स्मार्ट क्लासेस का संचालन, 90 खेल मैदान – चेंजिंग रूम निर्माण, कुछ विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा का निर्माण कराया गया है।
बैठक में उपस्थित जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता देवी ने जिले में बिजली आपूर्ति में इस्तेमाल हो रहे जर्जर तारों को बदलने एवं योजनाओं के शिलापट्ट पर जिप अध्यक्ष का नाम अंकित करने की बात कहीं। बैठक में कई मुखिया द्वारा भी इस बात को रखा गया कि डीएमएफटी की योजना के शिलापट्ट पर मुखिया का भी नाम अंकित हो। इस पर उपायुक्त सह डीएमएफटी न्यास परिषद के अध्यक्ष ने मामले में खान सचिव से इस बाबत पत्राचार कर मार्ग दर्शन प्राप्त करने की बात कहीं।
क्रमवार विभिन्न प्रखंडों/पंचायतों के प्रमुख/उप प्रमुख – मुखिया/उप मुखिया ने अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं को न्यास परिषद के समक्ष रखा। सभी के द्वारा अनुसंशित योजनाओं की सूची को प्राप्त कर लिया गया।
मौके पर सिविल सर्जन डा. ए बी प्रसाद, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विवेक सुमन, जिला योजना पदाधिकारी श्री फ्रांसिस कुजूर, फुसरो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित जिले के अन्य पदाधिकारी/विकास शाखा के कर्मी आदि उपस्थित थे। बैठक का संचालन नोडल पदाधिकारी श्री पंकज दूबे ने किया।


0 Comments