Translate

राजस्व विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक संपन्न; दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।

राजस्व विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक संपन्न; दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।
समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

 बैठक में राजस्व से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा परिवहन विभाग,  भू-राजस्व, सहकारिता विभाग (राजस्व अंकेक्षण), उत्पाद विभाग, नीलाम पत्र, निबंधन विभाग, खनन विभाग, मत्स्य विभाग, नगर परिषद, अवैध जमाबंदी, भूमि सीमांकन, लघु सिंचाई विभाग सहित अन्य राजस्व से संबंधित विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने भू-राजस्व से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित राजस्व मामलों, भूमि सीमांकन, अवैध जमाबंदी एवं अतिक्रमण से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने वाहन कर वसूली की प्रगति, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं अवैध परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

सहकारिता विभाग के अंतर्गत राजस्व अंकेक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित समयसीमा के भीतर अंकेक्षण कार्य पूर्ण करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।वहीं उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर सख्त निगरानी रखते हुए नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने तथा राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर निगरानी रखने तथा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने को कहा।

नगर परिषद से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नगर क्षेत्रों में राजस्व संग्रहण, साफ-सफाई व्यवस्था एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य विभाग एवं लघु सिंचाई विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राजस्व संग्रहण में वृद्धि लाने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें।

मौके पर अपर समाहर्ता,गोड्डा श्रीमती  प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी ,गोड्डा श्री बैद्यनाथ उरांव , अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री आलोक वरण केसरी ,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री रितेश जयसवाल ,जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी भुदोलिया सहित संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी ,विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments