अंतर्राष्ट्रीय महिला महोत्सव रविवार से, तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा
===================
सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ महोत्सव को बनाएं सफल
===================
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च से 15 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला महोत्सव के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने शुक्रवार को गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं जनभागीदारी के साथ किया जाए, ताकि महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
08 मार्च को मुख्य समारोह, महिलाओं को किया जाएगा सम्मानित
बैठक में बताया गया कि 08 मार्च को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) सभागार में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं विद्यालयी छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक स्वागत प्रस्तुति से होगी।
इसके पश्चात उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त द्वारा पिंक ऑटो अवेयरनेस वैन को हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों, महिला मुखियाओं, उद्यमियों, किसानों, मजदूरों तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही महिलाओं की उपलब्धियों एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित वीडियो प्रस्तुति,पैनल चर्चा किया जाएगा।
स्वास्थ्य, सुरक्षा और जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम
09 मार्च को चास महिला कॉलेज में स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान महिला सुरक्षा संकल्प जागरूकता कार्यक्रम, पुलिस के साथ संवाद सत्र, किशोरियों के साथ खुला संवाद,साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल फ्रॉड से बचाव पर जागरूकता सत्र तथा छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही छात्राओं के बीच महिला सशक्तिकरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पूरे दिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से एनीमिया जांच शिविर लगाया जाएगा, जिसमें किशोरियों और महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर एनीमिया किट का वितरण किया जाएगा।
विभिन्न प्रखंडों में प्रतियोगिताएं और जागरूकता अभियान महिला महोत्सव के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
10 मार्च को चास प्रखंड तथा 11 मार्च को बेरमो प्रखंड में स्थानीय महिला उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इन कार्यक्रमों में महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन, जनजातीय महिलाओं के अधिकारों एवं जागरूकता से संबंधित सत्र तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत विधवा पेंशन एवं वृद्धा पेंशन नामांकन अभियान भी चलाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाए जाएंगे तथा सर्वाधिक बिक्री करने वाले समूह को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही लखपति दीदी अभियान और महिला उद्यमिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
गोमिया में ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा बढ़ावा
12 मार्च को गोमिया प्रखंड में ‘वोकल फॉर लोकल’ थीम के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त गोमिया अभियान, संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का नामांकन तथा छात्राओं के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित कर स्थानीय महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित* किया जाएगा।
पंचायत प्रतिनिधियों और छात्राओं के लिए विशेष सत्र 13 मार्च को जिला परिषद सभागार में पंचायती राज एवं विकेंद्रीकरण विषय पर कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें महिला मुखियाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। साथ ही मनरेगा एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी।
14 मार्च को सीएम प्लस टू रामरूद्र विद्यालय में छात्राओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बालिकाओं के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी, साइबर सुरक्षा जागरूकता, महिला सशक्तिकरण पर पैनल चर्चा एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
15 मार्च को समापन समारोह महिला महोत्सव का समापन
15 मार्च को महोत्सव का समापन शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में आयोजित कार्यक्रम के साथ होगा। इस अवसर पर पूरे सप्ताह आयोजित कार्यक्रमों की वीडियो एवं प्रस्तुति के माध्यम से समीक्षा की जाएगी।
साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारियों एवं समिति सदस्यों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त द्वारा प्रेरणादायक संबोधन दिया जाएगा।
बैठक में यह अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढ़ांडा,एनडीसी श्री प्रभाष दत्ता, डीएस श्री एन पी सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती मारुति मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अतुल कुमार चौबे, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, डीपीएम जेएसएलपीएस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






0 Comments