Translate

भविष्य के नीति निर्माण के लिए बुनियाद है जनगणनाः उपायुक्त

भविष्य के नीति निर्माण के लिए बुनियाद है जनगणनाः उपायुक्त

=============================

डेढ़ दशक बाद हो रहा जनगणना कार्यक्रम, गंभीरता बरतें – एक्यूरेसी का रखें पूरा ध्यान

=============================

प्रशिक्षण में बताई गई बातों को ध्यान से सुने, मन में जो भी जिज्ञाशा/प्रश्न हो उसका समाधान प्राप्त करें

=============================

डीपीआरसी भवन सभागार में जनगणना 2027 को लेकर प्रथम चरण – मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला/चार्ज अधिकारी तथा तकनीकी सहायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ

=============================

मंगलवार को डीपीआरसी भवन सभागार में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर जिला/चार्ज अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। 

इस अवसर पर उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यह भविष्य की योजनाओं और नीति निर्माण के लिए ठोस आधार प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि लगभग डेढ़ दशक के बाद यह जनगणना कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, इसलिए सभी अधिकारियों और कर्मियों को इसे पूरी गंभीरता के साथ संपन्न करना होगा।

प्रशिक्षण में बताई गई बातों को ध्यान से सुनें, मन में जो भी जिज्ञासा हो उसका समाधान प्राप्त करें

उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों (बीडीओ/सीओ व अन्य) और तकनीकी सहायकों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जा रही सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुनें और समझें। यदि किसी प्रकार की जिज्ञासा या प्रश्न हो तो प्रशिक्षकों से उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो।

मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं, प्रपत्रों के सही उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा फील्ड में कार्य करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से भी समझाया जा रहा है।

इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी संबंधित जिला/चार्ज अधिकारी एवं तकनीकी सहायक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के उपरांत ये सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपादित करेंगे। जानकारी हो कि, इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी। टैब/मोबाइल आधारित एप्लिकेशन के माध्यम से डेटा संकलन होगा। ताकि सूचनाओं का संग्रहण तेजी - सटीकता व समयबद्धता के साथ किया जा सके। 

मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढ़ांडा, जिला योजना पदाधिकारी श्री राज शर्मा, सहायक निदेशक जनगणना श्री मुरारी मोहन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अशोक खालखो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे। 

Post a Comment

0 Comments