Translate

रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सीसीटीवी से हो रही निगरानी

रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सीसीटीवी से हो रही निगरानी

===================

डीसी - एसपी ने कंपोजिट कंट्रोल रूम से जिले की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

===================

रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में कंपोजिट कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग स्क्रीन के माध्यम से जिले के विभिन्न स्थानों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

डीसी - एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

शुक्रवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री हरविंदर सिंह ने कंपोजिट कंट्रोल रूम (सीसीआर) पहुंचकर सीसीटीवी मॉनिटरिंग के जरिए जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थलों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हर गतिविधि पर पैनी नजर, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त (डीसी) ने निर्देश दिया कि सभी जुलूस मार्गों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोलिंग व्यवस्था को सुदृढ़ तथा त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र (रिस्पांस सिस्टम) को पूरी तरह सक्रिय रखें।

24×7 सक्रिय कंट्रोल रूम, हर स्थिति से निपटने की तैयारी

प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है और सादे लिबास में भी पुलिस पदाधिकारी तैनात हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर बनी रहे।

आमजनों से सहयोग एवं सतर्कता की अपील

उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने आमजनों से अपील की कि वे पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और हर स्तर पर निगरानी एवं सतर्कता बरती जा रही है।

मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, डीटीओ श्रीमती मारुति मिंज आदि उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments