जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त के द्वारा गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत विभिन्न स्कूलों,आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं विभिन्न योजनाओं का किया गया निरीक्षण।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव के द्वारा गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, स्वास्थ्य एवं विकासात्मक संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में उन्होंने कस्तुरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय, पोड़ैयाहाट, +2 उच्च विद्यालय देवडाँड, आंगनबाड़ी केंद्र पूर्वी देवडाँड, आंगनबाड़ी केंद्र पश्चिमी देवडाँड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवडाँड तथा जीतपुर बागवानी योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही उनके द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के अंतर्गत देवडाँड में निर्माणाधीन एवं पूर्ण हुए आवासों की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास की सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई ,उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इसके पश्चात +2 उच्च विद्यालय देवडाँड के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र एवं छात्राओं से सीधा संवाद, शिक्षकों के उपस्थिति पंजी की जांच, कक्षा संचालन, आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने एवं विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र पूर्वी देवडाँड एवं पश्चिमी देवडाँड के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों को दी जा रही पोषण आहार व्यवस्था, टीकाकरण, प्री-स्कूल शिक्षा, वजन मापन तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को नियमित एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जाए।
इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवडाँड के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, दवा उपलब्धता, मरीजों के इलाज की व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने जीतपुर बागवानी योजना का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से पौधारोपण, रख-रखाव एवं किसानों को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली। एवं बकरी पालन,डोभा निर्माण, की जांच कर उन्होंने बागवानी को बढ़ावा देने एवं किसानों की आय वृद्धि के लिए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के तहत देवडाँड में लाभुकों के घरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभुकों से बातचीत कर आवास निर्माण की प्रगति एवं उन्हें मिल रही सरकारी सहायता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित कराया जाए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, पोड़ैयाहाट श्री फुलेश्वर मुर्मू, अंचलाधिकारी, पोड़ैयाहाट, श्री अमित किस्कू ,संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण, प्रखंड स्तरीय अन्य अधिकारीगण, संबंधित स्कूलों के प्राचार्य एवं वार्डन सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


0 Comments