Translate

जिला परामर्शदात्री (DLCC) एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की समीक्षात्मक बैठक संपन्न

जिला परामर्शदात्री (DLCC) एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की समीक्षात्मक बैठक संपन्न
 डीआरडीए स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति (DLCC) एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों तथा ऋण वितरण से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं निर्देशों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के क्रम में जिले में कार्यरत विभिन्न बैंकों के सीडी रेशियो (CD Ratio) की स्थिति की समीक्षा की गई तथा वार्षिक ऋण योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण की प्रगति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने बैंकों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करें तथा प्राथमिकता क्षेत्र से संबंधित योजनाओं में तेजी लाएं।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों के केसीसी (KCC) से संतृप्तिकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र किसानों को शीघ्रता से किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता समय पर मिल सके।इसके साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से संबंधित योजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिले में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए MSME से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत बैंकों द्वारा स्वीकृत एवं वितरित ऋण की भी समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वयं सहायता समूह (SHG) के क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत उपलब्धि, तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे व्यवसायियों को प्रदान किए जा रहे ऋण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने के लिए बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इसके अतिरिक्त नाबार्ड के माध्यम से जिले में संचालित विकासात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) तथा अटल पेंशन योजना (APY) के अंतर्गत प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। बैठक में किसान उत्पादक संगठन (FPOs) के क्रेडिट लिंकेज, ऋण वसूली की स्थिति तथा बैंकिंग सेवाओं के विस्तार से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऋण वितरण के साथ-साथ ऋण वसूली की प्रक्रिया को भी सुदृढ़ किया जाए। बैठक में बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत अवैध रूप से पहाड़िया समुदाय के बैंक खातों से निकल गई राशि को लेकर गहन जांच के संबंध में संबंधित बैंक के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला उद्योग महाप्रबंधक श्री रमाकांत चतुर्वेदी,आरबीआई प्रबंधक श्री गौरव कुमार,एलडीएम गोड्डा श्री चंदन कुमार चौहान, डीडीएम नाबार्ड श्रीमती नूतन राज, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे

Post a Comment

0 Comments