Translate

न्यू पुलिस लाइन , गोड्डा में जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर दिया गया प्रेरणादायक संदेश


न्यू पुलिस लाइन , गोड्डा में जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर दिया गया प्रेरणादायक संदेश
न्यू पुलिस लाइन गोड्डा में  स्वैच्छिक रक्तदान कर किया गया 65 यूनिट रक्तदान

न्यू पुलिस लाइन, गोड्डा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल के तहत जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार के द्वारा स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया गया।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में प्रशासन एवं पुलिस विभाग के पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव ने कहा कि रक्तदान एक महान दान है, जिससे किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे न केवल दूसरों की सहायता होती है, बल्कि यह स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।

पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार ने भी अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से आगे आकर इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रहण किया गया। साथ ही रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में जागरूकता बढ़ती है तथा जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है।
उक्त कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ एवं उपस्थित सभी लोगों ने इसे एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा श्री अशोक प्रियदर्शी,प्रशिक्षु डीएसपी श्री कुमार गौरव, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर गोड्डा श्री जेपीएन चौधरी, सिविल सर्जन गोड्डा डॉ0 एससी शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ0 ताराशंकर झा,नगर थाना प्रभारी श्री दिनेश महली सहित पुलिस विभाग के कर्मीगण एवं चौकीदार उपस्थित रहे।
 

Post a Comment

0 Comments