हीट वेव से निपटने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, उपायुक्त ने दिए दिशा-निर्देश
===================
गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ किया बैठक, सभी कार्यालयों - क्षेत्रों में ओआरएस, प्याऊ,चना-गुड़, सत्तू एवं नींबू पानी जैसी व्यवस्था सुनिश्चित रखें
===================
जिले में बढ़ते तापमान एवं हीट वेव को देखते हुए उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य हीट वेव के प्रभाव को न्यूनतम करना एवं आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि हीट वेव एक गंभीर आपदा के रूप में उभर सकती है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करें।
आमजनों के लिए सावधानी एवं अपील
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा हल्के एवं ढीले कपड़े पहनें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। धूप में निकलने की स्थिति में छाता, गमछा या टोपी का प्रयोग अवश्य करें। बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई।
जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना एवं त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था
हीट वेव से संबंधित शिकायतों एवं आपात स्थिति के त्वरित समाधान हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित* रहेगा। उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आमजन 8986660333, 06542-242409 एवं 06542-241000 नंबरों पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद को निर्देशित किया गया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सदर अस्पताल में ओआरएस, जीवनरक्षक दवाएं, पर्याप्त बेड एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज हेतु विशेष तैयारी रखने एवं चिकित्सा कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया।
जनजागरूकता अभियान को गति देने के निर्देश
जिला जनसंपर्क कार्यालय को निर्देश दिया गया कि व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैक्स, बैनर एवं होर्डिंग्स के माध्यम से हीट वेव से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही, सोशल मीडिया एवं स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने को कहा।
पेयजल एवं राहत सामग्री की व्यापक व्यवस्था
उपायुक्त ने सभी बीडीओ एवं सीओ को निर्देश दिया कि पंचायत सचिवालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, चना-गुड़, सत्तू एवं नींबू पानी जैसी सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चास नगर निगम, बीएसएल टाउनशिप एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्रों में भी सभी वार्डों में इसी प्रकार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त सभी सरकारी कार्यालयों, थानों, एसडीओ एवं एसडीपीओ कार्यालयों में भी आमजनों एवं कर्मियों के लिए पेयजल एवं राहत सामग्री की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी तय
जिले के सभी औद्योगिक इकाइयों एवं कंपनियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने कारखाना परिसरों में कार्यरत कर्मियों एवं अधिकारियों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार विश्राम स्थल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करें। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जनहित में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें। श्रम अधीक्षक को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।
आंगनबाड़ी एवं संवेदनशील वर्गों पर विशेष ध्यान
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं के लिए ओआरएस, मध्यान्ह भोजन एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कुपोषित एवं कमजोर वर्गों के लिए विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
पेयजल आपूर्ति एवं चापाकलों की मरम्मत पर जोर
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी कार्यरत चापाकलों की नियमित जांच कर उन्हें सुचारू रूप से चालू रखने को कहा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट उत्पन्न नहीं हो।
सूचना प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश
जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी (डीडीएमओ) को निर्देश दिया कि हीट वेव से संबंधित जानकारी के त्वरित आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप समूह/चैनल का गठन करें। साथ ही प्रतिदिन हीट वेव की स्थिति पर आधारित बुलेटिन जारी* किया जाए, जिससे प्रशासन एवं आमजन दोनों समय रहते सतर्क रह सकें।
समन्वय एवं निगरानी पर विशेष बल
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से फील्ड का निरीक्षण करें तथा जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री जगरनाथ लोहरा, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।






0 Comments