Translate

संवेदनशील प्रशासन: एक बेटे की जिंदगी बचाने में पूरी ताकत से जुटा जिला तंत्र

संवेदनशील प्रशासन: एक बेटे की जिंदगी बचाने में पूरी ताकत से जुटा जिला तंत्र...

===================

जनता दरबार से जीवन की डगर तक - प्रशासन बना संबल, हर कदम पर साथ खड़ा प्रशासन

===================

डीसी – डीडीसी ने स्वयं घर पहुंच दिया अंकित को जीवन जीने का हौसला, मायूसी नहीं, मुस्कान के साथ है लौटना...

===================

प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक मार्मिक उदाहरण उस वक्त देखने को मिला, जब जनता दरबार में पहुंचे एक पिता की पुकार पर जिला प्रशासन ने न सिर्फ तत्परता दिखाई, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण के साथ हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया।

 जरीडीह प्रखंड के बक्सपुरा गांव निवासी श्री अवधेश कुमार राय अपने 25 वर्षीय पुत्र अंकित की गंभीर बीमारी को लेकर जनता दरबार पहुंचे थे। मल्टी ऑर्गन पैथोलॉजी (पल्मोनरी एम्बोलिज्म) से जूझ रहे अंकित की स्थिति को समझते हुए उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने तुरंत चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घर तक पहुंचा प्रशासन, बढ़ाया हौसला

मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार स्वयं अंकित के घर पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ उसकी सेहत की जानकारी ली, बल्कि परिवार को भावनात्मक संबल भी प्रदान किया। इस दौरान अधिकारियों ने अंकित को सकारात्मक सोच बनाए रखने और हिम्मत नहीं हारने की प्रेरणा दी। जानकारी हो कि, अंकित बुधवार को राजधानी स्थित मेदांता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार के लिए बोकारो से अपने परिजनों के साथ दिल्ली के लिए रवाना होगा।

मायूसी नहीं, मुस्कान के साथ है लौटना: डीसी

मौके पर डीसी ने अंकित से कहा कि जो हुआ सो हुआ… अब मन को मजबूत रखना है। सकारात्मक सोच के साथ हर परिस्थिति में अपना सर्वश्रेष्ठ देना है। मायूस नहीं होना है, तुम्हारी मुस्कान ही सबकी ताकत बनेगी। पूरा बोकारो तुम्हारे स्वस्थ होकर लौटने का इंतजार कर रहा है।

इस दौरान डीसी–डीडीसी ने अंकित के पिता श्री अवधेश कुमार राय एवं माता श्रीमती रेनू राय को भी ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इलाज से लेकर सफर तक, हर कदम पर साथ

जिला प्रशासन ने अंकित के बेहतर इलाज के लिए दिल्ली स्थित मेदांता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की है। साथ ही सिविल सर्जन को घर पर ही जाने से पूर्व सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, रेलवे प्रशासन को भी बोकारो स्टेशन के प्रतिक्षालय में ट्रेन आने तक सभी सुविधा मुहैया कराने तथा यात्रा के दौरान सहयोग सुनिश्चित करने को कहा है।

मानवीयता के साथ प्रशासनिक प्रतिबद्धता का संदेश

यह पहल दर्शाती है कि प्रशासन केवल नीतियों तक सीमित नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन और उनकी भावनाओं से भी गहराई से जुड़ा है। एक परिवार की उम्मीद को संबल देना ही सच्चे अर्थों में सुशासन की पहचान है।

 मौके पर सिविल सर्जन डा. ए बी प्रसाद, जरीडीह अंचलाधिकारी श्री प्रणव राज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे। 


Post a Comment

0 Comments