मो० शबा की रिपोर्ट
तेनुघाट ---- तेनुघाट स्थित उपकारा (जेल) में माननीय सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं प्रधान जिला जज बोकारो के निर्देश पर रविवार को जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर सह स्वास्थ जांच शिविर का आयोजन किया गया। तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय के नेतृत्व में आयोजित शिविर में जेल में बंदियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया।
कानूनी जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय ने बताया कि जेल अदालत के साथ-साथ मेडिकल कैंप भी लगाया जा रहा है। जिससे सभी बंदियों को दोनों का फायदा प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने बताया कि जेल में बंदियों को जागरूक करने के कारण आज जेल में बंदियों की संख्या कम हो रही है। जिससे यह पता चलता है कि बंदी जागरूक हो रहे हैं और वे अपराध से दूर हो रहे हैं। इसी के तहत प्रत्येक महीने जेल अदालत का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि आज न्यायालय में अगर आपका मुकदमा है तो आपको मुफ्त अधिवक्ता, कानूनी सलाह दिया जाता है। आगे बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से कारा में संसीमित बंदियों को निरंतर विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बंदियों के बीच से ही पारा लीगल वॉलिंटियर्स की नियुक्ति की गई है। जो निरंतर बंदियों के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं को कारा प्रशासन के माध्यम से विधिक सेवा प्राधिकार तक पहुंचाते हैं। जहां अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि वैसे बंदी जो स्वयं के खर्च पर अपना अधिवक्ता रख पाने में असमर्थ हैं, उनके लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल के तहत अधिवक्ताओं की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो उन बंदियों के केस में संबंधित न्यायालय में निरंतर पैरवी करते हैं।
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ शंभू कुमार ने बताया कि हम सभी को आजादी से जीने का हक है, मगर हमें कानून का भी पालन करना चाहिए। शिविर में पैनल अधिवक्ता शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि जेल में बंदियों को किसी भी तरह की समस्या की जानकारी मिलते ही उनकी समस्या का समाधान किया जाता है। दहेज अधिनियम के बारे मे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि दहेज लेना और देना दोनो अपराध है। जानकारी के अनुसार इस अवसर पर जेल में लगे मेडिकल कैंप में बंदियों ने स्वास्थ्य जांच कराया। जिसमें सामान्य जांच, आंख जांच और दांत जांच शामिल है। शिविर में स्वागत भाषण करते हुए जेलर नीरज कुमार ने कहा कि हमें यहां से अपने आप को सुधार कर आगे बढ़ना चाहिए। वहीं मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने किया। मौके पर सूरज मोदी, विजय ठाकुर, मदन प्रजापति, संजय मंडल, इस्तियाक अंसारी सहित अन्य मौजूद थे।




0 Comments