■ *नगर भवन में आयोजित समारोह में जिलेभर के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं मेडल देकर किया गया सम्मानित।*
■ *मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में गोड्डा के बच्चों ने लगाई लंबी छलांग, आगे की सफलता के लिए निरंतर मेहनत आवश्यक : माननीय मंत्री*
■ *मेधावी विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ना होगा, तभी संवरेगा भविष्य : उपायुक्त*
■ *जीवन में नकारात्मकता त्यागकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें विद्यार्थी : अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी*
■ *जिले के लगभग 600 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित।*
नगर भवन, गोड्डा में जिले के मेधावी, प्रतिभाशाली एवं होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने हेतु दैनिक जागरण परिवार द्वारा “जागरण जीनियस अवार्ड 2026” समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के विभिन्न विद्यालयों एवं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।*
*कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री, उद्योग,श्रम ,नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखंड सरकार श्री संजय प्रसाद यादव, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री आकाश भारद्वाज, शिक्षाविद् प्रलय कुमार सिंह, डॉ. विजय पावसान, डॉ. राधेश्याम चौधरी, साहित्यकार सुरजीत झा, विजय मंडल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।*
*कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि मैट्रिक एवं इंटर परीक्षाओं में गोड्डा जिले के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आगे भी निरंतर कठिन परिश्रम करते रहना होगा, तभी वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान मिलने वाला सम्मान विद्यार्थियों में और बेहतर करने की प्रेरणा जगाता है।*
*माननीय मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां भी हर क्षेत्र में बेटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। समाज में बेटे-बेटी के भेदभाव को समाप्त कर ही राज्य एवं देश को बेहतर बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों की जागरूकता की एक भी सराहना करते हुए कहा कि आज अभिभावक अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति गंभीर एवं सजग हुए हैं।*
*कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा ने कहा कि दैनिक जागरण न केवल विश्व के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले समाचार पत्रों में शामिल है, बल्कि सामाजिक सरोकारों एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैट्रिक एवं इंटर के बाद जीवन की वास्तविक यात्रा प्रारंभ होती है। इस चरण के बाद विद्यार्थियों के सामने संभावनाओं का विशाल संसार खुलता है। उन्होंने कहा कि करियर निर्माण के लिए अध्ययन में निरंतरता, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। जीवन में सफलता एवं असफलता दोनों आती हैं, लेकिन असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि असफलता ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है।*
*कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री बैद्यनाथ उरांव ने कहा कि मैट्रिक एवं इंटर के बाद विद्यार्थियों के सामने अपने जीवन की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहा है।*
*उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्ची लगन एवं परिश्रम कभी व्यर्थ नहीं जाते। आज यहां उपस्थित सभी विद्यार्थी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में सूर्य की तरह चमकना है, तो सूर्य की तरह तपना भी पड़ेगा।*
*कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री आकाश भारद्वाज ने कहा कि आज का दिन गोड्डा जिले के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि जिले की प्रतिभाएं एक मंच पर सम्मानित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं अपने भाग्य के निर्माता होते हैं तथा सफलता का एकमात्र मार्ग कठिन परिश्रम है।*
*उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में नकारात्मकता त्यागकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता परिश्रम में छिपी होती है तथा केवल डिग्री नहीं, बल्कि प्रतिभा और लगन व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। इस दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन के संघर्षों को भी साझा करते हुए कहा कि वे एक साधारण परिवार से आते हैं और उनके पिता ने कठिन परिस्थितियों में उन्हें शिक्षित कर इस मुकाम तक पहुंचाया।*
*कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा जिले के टॉपर छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में लगभग 600 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिनमें झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के दसवीं एवं बारहवीं के टॉपर विद्यार्थी शामिल थे।*
*गुरुकुल डांस एकेडमी के कलाकारों ने बांधा समां*
*नगर भवन में आयोजित जागरण जीनियस अवार्ड समारोह में गुरुकुल डांस एकेडमी के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। एकेडमी की संचालिका आरती सिंह के निर्देशन में बच्चों ने गीत, संगीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं मनोरंजक बना रहा।*
*कार्यक्रम का मंच संचालन साहित्यकार सुरजीत झा एवं डॉ. राधेश्याम चौधरी द्वारा बारी-बारी से किया गया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सर्वजीत झा द्वारा किया गया।*


0 Comments