■ *वृक्ष हमारे जीवन, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के आधार हैं :- उप विकास आयुक्त।*
गोड्डा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुआ, पंचायत पांडुबथान में "स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु कार्यक्रम" के तहत उप विकास आयुक्त, गोड्डा श्री विस्पुते श्री कांत यशवंत के द्वारा आम के पौधे का वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।*
*उप विकास आयुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र तथा जलवायु परिवर्तन के कारण पर्यावरणीय असंतुलन की समस्या गंभीर होती जा रही है। ऐसे में वृक्षारोपण ही एक प्रभावी माध्यम है, जिसके द्वारा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करता है, बल्कि वर्षा चक्र को संतुलित रखने, भू-क्षरण को रोकने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।*
*उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल भी करे। केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को संरक्षित कर उन्हें वृक्ष बनने तक पोषित करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फलदार एवं छायादार वृक्षों का रोपण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होता है।*
*कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, जल संरक्षण तथा हरित वातावरण के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि स्वच्छ गाँव और सुरक्षित जलवायु का लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है, जब जनसहभागिता के साथ पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर अपनाया जाए।ग्रामीणों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।*
*इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी गोड्डा श्री दयानंद जयसवाल,पंचायत प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।*


0 Comments