Translate

गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर फूड प्वाइजनिंग मामले की स्वास्थ्य विभाग ने की सतत निगरानी, सभी प्रभावित सदस्य पूर्णतः स्वस्थ।

गिरिडीह, जिला प्रशासन जनस्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः सजग एवं संवेदनशील है। उपायुक्त, रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जमुआ प्रखंड अंतर्गत नवडीहा स्थित महादेव मंदिर के समीप एक ही परिवार के आठ सदस्यों के फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित होने की घटना के पश्चात स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक चिकित्सीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 15 जुलाई, 2026 को मौसमी खुखड़ी (जंगली मशरूम) के सेवन के उपरांत परिवार के आठ सदस्य अस्वस्थ हो गए थे। जिला प्रशासन की तत्परता से सभी प्रभावितों को तत्काल सदर अस्पताल, गिरिडीह में भर्ती कर समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया। उपचार के उपरांत सभी स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।

उपायुक्त के निर्देशानुसार आज जिला रैपिड रिस्पॉन्स टीम (District RRT) एवं जमुआ प्रखंड की स्वास्थ्य टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्र एवं परिवार का विस्तृत स्वास्थ्य सर्विलांस किया गया। टीम में फूड सेफ्टी ऑफिसर, गिरिडीह-2, श्री आशुतोष चंद्र गहलोत, आईडीएसपी कार्यालय की माइक्रोबायोलॉजिस्ट सुश्री जूली टेरेसा मरांडी, श्री दीपक कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जमुआ के चिकित्सा पदाधिकारी, बीपीएचयू के प्रतिनिधि, लैब टेक्नीशियन, सीएचओ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।

सर्विलांस के दौरान सभी आठों प्रभावित सदस्य पूर्णतः स्वस्थ पाए गए तथा किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जटिलता नहीं मिली। चिकित्सा टीम ने प्रभावित परिवार को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया।

उपायुक्त, रामनिवास यादव ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में त्वरित चिकित्सीय सहायता, सतत निगरानी एवं जन जागरूकता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संभावित स्वास्थ्य जोखिम की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि बरसात के मौसम में जंगली अथवा अपरिचित खुखड़ी (मशरूम) के सेवन से बचें तथा किसी भी प्रकार के फूड प्वाइजनिंग के लक्षण दिखाई देने पर बिना विलंब निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर चिकित्सीय परामर्श प्राप्त करें। जिला प्रशासन जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक ऐसी घटना पर सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं निरंतर निगरानी सुनिश्चित कर रहा है।

Post a Comment

0 Comments