■ *मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं सरकारी कार्य में अवरोध डालने के मामले में प्राथमिकी दर्ज।*
■ *जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया—मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूर्णतः निःशुल्क, किसी भी प्रकार की बाधा या धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।*
■ *दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की विभिन्न धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ।*
=================
*गोड्डा जिला प्रशासन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) कार्यक्रम के दौरान सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा श्रीमती रीता देवी बीएलओ के साथ अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने के मामले को गंभीरता से लिया है। प्राप्त शिकायत एवं पुलिस कार्रवाई के आधार पर देवडांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।*
*प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 जुलाई 2026 को देवडांड़ थाना क्षेत्र के शुंडमारा हरिजन टोला में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी सेविका एवं बीएलओ द्वारा मतदाता गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने एवं आवश्यक जानकारी संकलित करने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान सद्दाम अंसारी द्वारा सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करते हुए कार्य में बाधा उत्पन्न करने, प्रतिनियुक्त कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने तथा भय एवं दबाव का वातावरण बनाने का प्रयास किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई।*
*शिकायत के आधार पर देवडांड़ थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।*
*जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 भारत निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इस कार्य में लगे सभी बीएलओ, आंगनबाड़ी सेविका, पर्यवेक्षक एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मी शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना, धमकी देना अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।*
*जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग करें तथा प्रतिनियुक्त कर्मियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। यदि किसी प्रकार की शिकायत या समस्या हो तो उसका समाधान प्रशासनिक एवं विधिक प्रक्रिया के माध्यम से कराया जा सकता है। कानून अपने हाथ में लेने अथवा सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।*
*जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का कार्य पूरी तरह निःशुल्क है तथा इस अभियान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल बनाने हेतु सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।*



0 Comments