बदलाव फाउंडेशन द्वारा तसर किसानों के लिए एक दिवसीय तसर खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
*सुन्दरपहाड़ी, गोड्डा:*
बदलाव फाउंडेशन और अग्र परियोजना केंद्र, पथरा गोड्डा के सहयोग से सुन्दरपहाड़ी प्रखंड के सीड तसर खेती से जुड़े 40 किसानों के लिए एक दिवसीय तसर खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं उन्नत तसर खेती की तकनीकों से अवगत कराना तथा उनकी उत्पादन क्षमता को बढ़ाना था।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सीड तसर खेती के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने तसर पालन के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, डीएफएल के महत्व, जीवन सुधा पाउडर के सही उपयोग, सोडियम हाइपोक्लोराइट के उचित छिड़काव तथा रोग एवं कीट प्रबंधन के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बताया कि तसर खेती के प्रथम क्रॉप की तैयारी जितनी बेहतर होगी, कोकून का उत्पादन उतना ही अधिक और गुणवत्तापूर्ण होगा। बेहतर गुणवत्ता वाले कोकून से सूत कटाई में उच्च गुणवत्ता का धागा प्राप्त होता है, जिससे बुनाई के लिए बेहतर कपड़े का निर्माण संभव हो पाता है। इस प्रकार तसर मूल्य श्रृंखला के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और आय दोनों में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी समस्याओं और अनुभवों को भी साझा किया। किसानों ने बताया कि बिरनी कीड़े एवं पक्षियों के कारण तसर कीटों और कोकून को काफी नुकसान पहुंचता है, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है। इस पर विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि तसर पालन के दौरान नियमित निगरानी एवं सफाई कार्य पर विशेष ध्यान दें, ताकि कीटों एवं अन्य प्राकृतिक शत्रुओं से होने वाली हानि को कम किया जा सके।
प्रशिक्षण में किसानों को तसर किसान पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि पंजीकरण के माध्यम से किसान विभिन्न सरकारी योजनाओं, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं अन्य लाभकारी सुविधाओं से जुड़ सकते हैं। साथ ही, पंजीकृत किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को यह भी बताया गया कि बदलाव फाउंडेशन तसर आधारित आजीविका को सशक्त बनाने के लिए तसर खेती, सूत कटाई, बुनाई तथा उत्पादों के विपणन एवं बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। *वर्तमान में बदलाव फाउंडेशन के सहयोग से 660 तसर आर्टिसन विभिन्न समूहों के माध्यम से तसर आधारित आजीविका गतिविधियों से जुड़ी हुई हैं।* संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों की आय में वृद्धि करना तथा तसर आधारित रोजगार के अवसरों को मजबूत बनाना है।
*इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अग्र परियोजना केंद्र, पथरा से टेक्नीशियन श्री जुनैद अंसारी, नियुस किस्कू, संजय एवं चुंरु गोप ने किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं बदलाव फाउंडेशन की ओर से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वर्षा टोप्पो तथा सीआरपी सुमित, प्रमिला, बाबूजी एवं द्रोधी जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।*
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्राप्त तकनीकी जानकारियों को अपने खेतों में अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


0 Comments