राष्ट्रीय कायस्थवृन्द का सावन महोत्सव 20 अगस्त को
गिरिडीह ---- कायस्थों की अग्रणी संस्था राष्ट्रीय कायस्थवृन्द द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। रविवार को राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बरवाडीह पुलिस लाइन रोड स्थित संस्था के जिलाध्यक्ष एमके वर्मा के आवास पर सम्पन्न हुआ। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से आगामी 20 अगस्त दिन रविवार को सावन महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। महोत्सव हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जेपी नगर कर्बला रोड स्थित चित्रांश भवन में अपराह्न 3 बजे से आयोजित होगा। जिसमें समाज की महिलाओं के लिये मेंहन्दी महोत्सव के साथ म्यूजिकल चेयर रेस आयोजित होगा। म्यूजिकल चेयर रेस दो वर्गों में विभक्त होगा। जिसमें सीनियर वर्ग में विवाहित महिलाएं और जूनियर वर्ग में अविवाहित युवतियां और बच्चियां शामिल रहेंगी। प्रतियोगिता में अव्वल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जायेगा। बैठक के दौरान संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष टीपी बक्सी ने कहा कि उस दिन समाज की उभरती गायक कलाकार मोनिका सिन्हा कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल रहेंगी। जिनके गीतों का लुत्फ समाज की सभी महिलाएं उठाएंगी। वहीं बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हमेशा की तरह राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के कार्यालय चित्रांश भवन में झंडोत्तोलन करने का भी निर्णय लिया गया। दोनों ही कार्यक्रमों में समाज से जुड़े अधिक से अधिक लोगों के शामिल होने की अपील की गयी। जिलाध्यक्ष एमके वर्मा की अध्यक्षता एवं जिला सचिव संजीव सिन्हा सज्जन के संचालन में हुई इस बैठक में संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद बक्सी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश कुमार, प्रदेश प्रभारी शिवेन्द्र कुमार सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजीव रंजन सिन्हा बुल्लू, महिला प्रोकोष्ठ की मधुबाला वर्मा, जिला सचिव कुमार राकेश मिंकू, कोषाध्यक्ष विशाल गौरव, युवा अध्यक्ष रंजीत कुमार, युवा सचिव अभय कुमार, चंदन सिन्हा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।


0 Comments