Translate

मुख्यमंत्री सारथी योजना का शुभारंभ होगा कल,छात्रों से ऑनलाइन जुड़ेंगे सीएम

■ मुख्यमंत्री सारथी योजना का शुभारंभ होगा कल,छात्रों से ऑनलाइन जुड़ेंगे सीएम

■ नावाडीह प्रखंड स्थित मध्य सह उत्क्रमित उच्च विद्यालय पलामू, केंद्र से संबंधित छात्रों से संवाद करेंगे सीएम,डीडीसी श्रीमती कीर्तीश्री जी. ने तैयारियों का लिया जायजा

■ जिला कौशल पदाधिकारी एवं बीडीओ/सीओ को दिया जरूरी दिशा – निर्देश,जिले के अन्य दो केंद्रों के छात्र भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ेंगे
================================


बोकारो :- राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु मुख्यमंत्री सारथी योजना का शुभारम्भ माननीय मुख्यमंत्री (सीएम) श्री हेमन्त सोरेन (शनिवार 22 जुलाई 2023 ) को आर्यभट्ट सभागार, रांची विश्वविद्यालय में करेंगे। ताकि राज्य के युवा अपने अंदर छुपी हुई प्रतिभा को निखार स्वावलंबन का मार्ग बिरसा केंद्र (Block Level Institute for Rural Skill Acquisition) के माध्यम से प्रशस्त कर सकें। इसी कड़ी में प्रथम चरण (2023- 24) में जिले के तीन प्रखंडों चंदनकियारी,चास एवं नावाडीह में इस योजना का शुभारम्भ किया जाएगा। आने वाले दिनों में जिले के अन्य प्रखंडों में भी बिरसा योजना संचालित किया जाएगा।

माननीय मुख्यमंत्री आनलाइन माध्यम से जिले के नावाडीह प्रखंड में मध्य सह उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पलामू, नावाडीह से संबंधित युवा छात्रों से ऑनलाइन जुड़ेंगे एवं उनके साथ संवाद करेंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार को उप विकास आयुक्त श्रीमती कीर्तीश्री जी ने तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित जिला कौशल पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री धनंजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी नावाडीह संजय शांडिल्य, अंचलाधिकारी नावाडीह श्री अशोक कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार,नोडल पदाधिकारी श्री पंकज दूबे, यूआइडी नोडल शैलेंद्र कुमार आदि को जरूरी दिशा – निर्देश दिया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जिले के अन्य दो प्रखंड चास एवं चंदनकियारी प्रखंड के संबंधित केंद्रों के युवा छात्र भी जुड़ेंगे। माननीय मुख्यमंत्री का संबोधन सुनेंगे। दोनों स्थानों पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

■ युवाओं को रोजगार प्रोत्साहन एवं परिवहन भत्ता भी

युवाओं के लिए शुरू हो रहे मुख्यमंत्री सारथी योजना का लाभ सभी वर्ग के युवा निःशुल्क ले सकेंगे। इसके लिए सरकार द्वारा पात्रता तय की गई है। सामान्य श्रेणी के 18-35 वर्ष के युवक/युवतियों एवं आरक्षित श्रेणी (ST/SC/OBC) के 50 वर्ष तक के पुरुष/महिलाओं के लिए प्रखंड स्तर पर कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद सफल युवक/युवतियों को तीन माह के अंदर नियोजन नहीं होने की स्थिति में रोजगार प्रोत्साहन भत्ता के रूप में युवकों को 1000/- और युवतियों/दिव्यांग/परलैंगिक को प्रतिमाह 1500/- अधिकतम एक वर्ष के लिए डाइरेक्ट बेनीफीट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से दी जाएगी। साथ ही, गैरआवासीय प्रशिक्षण के प्रशिक्षणार्थियों को उनके घर से प्रशिक्षण केंद्र तक आने-जाने के लिये प्रतिमाह 1000/- डीबीटी के माध्यम से भेजे जाने का प्रावधान है।

अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-123-3444 पर निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण हेतु युवा संपर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments