जिले के वरीय पदाधिकारियों ने सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों का गुड गवर्नेंस के तहत एक साथ निरीक्षण
==============================
उपायुक्त श्री अजय नाथ झा के निर्देश पर हुआ निरीक्षण, पदाधिकारियों ने सीएचसी/पीडीएस/आंगनबाड़ी केंद्र आदि का भी लिया जायजा
===========================
शनिवार को उपायुक्त श्री अजय नाथ झा के निर्देश पर शनिवार को जिले के वरीय पदाधिकारियों की टीम ने जिले के सभी नौ प्रखंडों के प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जन वितरण प्रणाली दुकान (पीडीएस), आंगनबाड़ी केंद्र/विद्यालय आदि का गुड गवर्नेंस के तहत एक साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की प्रगति, अभिलेखों के रख-रखाव और आमजन को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करना था।
इन पदाधिकारियों ने इन प्रखंडों का किया निरीक्षण
उपायुक्त के निर्देश पर उप विकास आयुक्त श्री शताब्दी मजूमदार ने चास प्रखंड के चंदाहा पंचायत. अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने जरीडीह प्रखंड के बाराडीह पंचायत, निदेशक डीआरडीए श्रीमती मेनका ने चंद्रपुरा प्रखंड के नररा पंचायत, डीटीओ मारूति मिंज ने पेटरवार प्रखंड के खेतको पंचायत, अनुमंडल पदाधिकारी चास सुश्री प्रांजल ढ़ंडा ने चंदनकियारी प्रखंड के साबड़ा पंचायत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती शालिनी खलको ने बेरमो प्रखंड के बैदकारो पूर्वी पंचायत , जिला भू अर्जन पदाधिकारी श्री द्वारिका बैठा ने कसमार प्रखंड के हीसिम पंचायत, डीपीआरओ मो. सफीक आलम ने गोमिया प्रखंड के करीखुर्द पंचायत और एसडीओ बेरमो श्री मुकेश मछुआ ने नावाडीह प्रखंड के गोनियतो पंचायत का निरीक्षण किया।
कार्य संस्कृति और सेवा वितरण की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान वरीय पदाधिकारियों ने कार्यालयों में समय पर उपस्थिति एवं कार्य संस्कृति की जांच की। अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी। आम जनता के लंबित मामलों और सेवा वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता के कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया सख्त निर्देश
जिले के वरीय पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कहा कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुँचना चाहिए। कार्य में लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सभी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।









0 Comments