जल जीवन मिशन के तहत जल सेवा आकलन को लेकर ग्राम सभाओं का आयोजन
======================
जल जीवन मिशन अंतर्गत जल सेवा आकलन कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को जिले के जारीडीह एवं नवाडीह प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों के साथ जलापूर्ति की नियमितता, जल की गुणवत्ता, संचालन एवं रख-रखाव, जल संरक्षण और जल की बचत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रखंड जारीडीह के बांधड़ीह उत्तरी पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में अंचल अधिकारी (सीओ) जारीडीह, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता, प्रखंड वास समन्वयक, मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, जलसहिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने, समय पर मरम्मत एवं सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
वहीं प्रखंड नवाडीह के भेंडरा पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रखंड वास कोऑर्डिनेटर, विधायक प्रतिनिधि, मुखिया, पंचायत सचिव, जलसहिया एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों को जल सेवा आकलन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा जल संरक्षण को लेकर जागरूक किया गया।
ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर है। यदि ग्रामीण जल स्रोतों की सुरक्षा, नियमित निगरानी और जल की बचत को अपनाएं, तो हर घर नल से जल की व्यवस्था को स्थायी रूप से सफल बनाया जा सकता है।




0 Comments