Translate

महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है- एसडीओ, चास

महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है- एसडीओ, चास...

=============================

शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भर बनें - एसडीओ, चास....

=============================

चास प्रखंड में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस/सप्ताह समारोह का किया गया आयोजन...

============================= 

अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें- बीडीओ, चास.....

============================= 

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के तहत जिले में सप्ताहिकी समारोह मनाया जा रहा है। इसके तहत आज दिनांक 10 मार्च, 2026 को चास प्रखंड कार्यालय के सभागार में महिला सशक्तिकरण, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी चास सुश्री प्रांजल ढांडा एवं प्रखंड प्रमुख श्रीमती बेला देवी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी चास प्रदीप कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 

यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग एवं जिला प्रशासन बोकारो के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला मुखिया, महिला पंचायत सदस्य, महिला पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, स्वयं सहायता समूह की सदस्यों, जल सहिया तथा प्रखंड व अंचल के महिला कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी चास सुश्री प्रांजल ढांडा ने महिलाओं की समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सरकारी योजनाओं, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा स्वरोजगार से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही कई सफल महिलाओं को मंच पर सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। महिला दिवस सप्ताह के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर, महिला अधिकारों पर कार्यशाला तथा अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहे है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने समाज में समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। 

महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है-

अनुमंडल पदाधिकारी चास सुश्री प्रांजल ढांडा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

अपील-

एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढांडा ने महिलाओं से अपील की कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भर बनें और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी परिवार, समाज और देश मजबूत बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें-

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चास श्री प्रदीप कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं तथा समाज के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि चास प्रखंड प्रशासन महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और आगे भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेगा।

मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी चास श्रीमती जया कुमारी, प्रखंड प्रमुख श्रीमती बेला देवी, बीपीआरओ श्री संतोष नायक, प्रखंड समन्वयक श्री अनुज कुमार पाल सहित अन्य उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments