पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर डीसी-एसपी ने इंटर स्टेट चेकनाका का किया निरीक्षण
===================
सीमा सील कर सघन जांच, पेट्रोलिंग और सख्त अनुपालन का दिया निर्देश
===================
पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में विधानसभा निर्वाचन 2026 के तहत गुरुवार को मतदान है। इसको लेकर बुधवार शाम उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री नाथू सिंह मीना ने चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत इंटर स्टेट चेकनाका विरखम एवं मुर्गातल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बार्डर पूरी तरह सील रखने का दिया निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि अंतर्राज्यीय सीमा पूरी तरह सील रखी जाए तथा किसी भी परिस्थिति में अवांछित तत्वों की आवाजाही नहीं होने दी जाए। मुख्य मार्गों के साथ-साथ वैकल्पिक रास्तों पर भी सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।
सभी वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करें
डीसी एवं एसपी ने चेकनाका पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित* की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सामग्री मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
पेट्रोलिंग और सख्त अनुपालन पर जोर
अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
सीमावर्ती और अंतर जिला बार्डर पर भी जांच तेज
जिले के चास, कसमार एवं चंदनकियारी प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान जारी है। इसके अलावा जिले के सभी अंतर जिला बार्डर पर भी लगातार जांच की जा रही है। मुख्य सड़कों, छोटी सड़कों तथा पगडंडियों तक पर सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, एसडीपीओ चास श्री प्रवीण कुमार, बीडीओ/सीओ चंदनकियारी आदि संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।










0 Comments