डीसी-डीडीसी ने उप कोषागार बेरमो तेनुघाट का किया निरीक्षण, अभिलेखों की गहन जांच
===================
तेनुघाट उप कोषागार में व्यवस्थाओं और अभिलेखों का लिया जायजा
===================
गुरुवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने उप कोषागार बेरमो, तेनुघाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न अभिलेखों एवं वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की गई।
निरीक्षण टीम ने रोकड़ पंजी, आवंटन पंजी, आगत-निर्गत पंजी, सेवा पंजी, इंडेक्स पंजी सहित विभिन्न विभागों के पीएल खातों की समीक्षा की तथा अभिलेखों के संधारण एवं वित्तीय प्रक्रियाओं की स्थिति का जायजा लिया।
जीएसटी एवं आयकर कटौती राशि जमा की स्थिति की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं डीडीसी ने विशेष रूप से जीएसटी एवं आयकर (आइटी) कटौती राशि की जमा स्थिति की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सप्ताह भर के भीतर इसकी अद्यतन विवरणी उपलब्ध कराई जाए।
साथ ही अन्य विभागों के डीडीओ (ड्राइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर) को भी अपने-अपने स्तर पर इस प्रकार की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वित्तीय अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि कोषागार से जुड़े अभिलेखों का अद्यतन संधारण, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता प्रशासनिक कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने को कहा गया।
कोषागार - रिकार्ड रूम का भी लिया जायजा
डीसी - डीडीसी ने तेनुघाट उप कोषागार कार्यालय के विभिन्न कमरों - रिकार्ड रूम का जायजा लिया। साफ सफाई और दस्तावेजों को सुरक्षित लाल कपड़े में रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो श्री मुकेश मछुआ, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री कुमार कनिष्क, कार्यालय उप कोषागार पदाधिकारी श्री राहुल कुजूर, वाणिज्य कर पदाधिकारी श्री विकास कुमार,वरीय लेखा पदाधिकारी श्री पंकज दुबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।







0 Comments