डीसी - डीडीसी ने सचल पोषण एवं टेली मेडिसीन वाहन को दिखाई हरी झंडी
===================
समाहरणालय परिसर से रवाना हुआ वाहन, कुपोषित - अतिकुपोषित बच्चों के उपचार व निगरानी में देगा सहयोग
===================
समाहरणालय परिसर से बुधवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार आदि द्वारा सचल पोषण एवं टेली मेडिसीन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन विशेष रूप से जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत कुपोषित - अतिकुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के उद्देश्य से कार्य करेगा।
कुपोषित बच्चों के लिए विशेष पहल
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि यह वाहन कुपोषित बच्चों के लिए विशेष रूप से कार्य करेगा। इसके माध्यम से बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का ऑनलाइन रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा, जिससे निरंतर निगरानी संभव हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से बच्चों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड संधारित होने से समय-समय पर उनकी स्थिति की समीक्षा की जा सकेगी और आवश्यकतानुसार त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि इस पहल से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ भविष्य में एक मजबूत एवं स्वस्थ मानव संसाधन के निर्माण में भी सहायता मिलेगी।
सीएस के कस्टोडियन में संचालित होगा वाहन
सचल पोषण एवं टेली मेडिसीन वाहन का संचालन सिविल सर्जन (सीएस) के कस्टोडियन में होगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर समन्वय एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा आंगनबाड़ी क्षेत्रों का चिन्हांकन किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद बच्चों तक इस सेवा का लाभ पहुंचाया जा सके। चिन्हित क्षेत्रों में वाहन निर्धारित अवधि तक रहकर बच्चों का उपचार एवं पोषण परामर्श देगा।
मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ श्री शक्ति कुमार समेत, फाउंडेशन के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित थे।




0 Comments