Translate

ऐसी विदाई कम ही देखी: अनुसेवक को डीसी ने कहा प्रणाम, आपकी सेवा के लिए मैं कृतज्ञ… अपने वाहन से घर तक किया रवाना

ऐसी विदाई कम ही देखी: अनुसेवक को डीसी ने कहा प्रणाम, आपकी सेवा के लिए मैं कृतज्ञ… अपने वाहन से घर तक किया रवाना

============================== 

गोपनीय परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर अनुसेवक कर्ण सिंह चौधरी की हुई विदाई - सम्मान, संवेदना और रिश्तों की मिसाल

============================== 

सभी कर्मी आपस में घुले – मिले, एक दूसरे से बात करें – उनके सुख – दुख को जाने और मिल जुलकर टीम भावना के साथ काम करें

============================== 

डीसी की धर्मपत्नी डा. प्रतिमा झा ने कहा कि कर्ण सिंह चौधरी जी की सेवा उपायुक्त आवास में रही, ऐसे में एक विशेष लगाव रहा, यह सदैव हमारे यादों का हिस्सा रहेंगे

============================== 


जिला प्रशासन के इतिहास में एक अनूठी और मानवीय मिसाल उस समय देखने को मिली, जब उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने अपने आवासीय परिसर में प्रतिनियुक्त अनुसेवक श्री कर्ण सिंह चौधरी को जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ विदाई दी, उसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। यह केवल एक औपचारिक विदाई नहीं, बल्कि एक परिवार के सदस्य को सम्मानपूर्वक विदा करने का मार्मिक क्षण था।

आप हमारे परिवार का हिस्सा हैं - उपायुक्त के शब्दों ने छुआ हर दिल

समारोह के दौरान उपायुक्त ने जब कर्ण सिंह चौधरी को संबोधित करते हुए कहा कि आप हमारे परिवार का हिस्सा हैं, आपकी सेवा के लिए हम कृतज्ञ हैं, तो वहां उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें नम हो उठीं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन केवल अधिकारियों से नहीं चलता, बल्कि उन कर्मियों के समर्पण से सशक्त होता है, जो चुपचाप अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।

टीम भावना और मानवीय रिश्तों का दिया संदेश

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी कर्मियों को यह संदेश दिया कि कार्यस्थल पर केवल जिम्मेदारियां ही नहीं, बल्कि रिश्ते भी निभाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के सुख-दुख को समझते हुए टीम भावना के साथ कार्य करना ही सच्ची सेवा का आधार है। 

यह रिश्ता हमेशा यादों में जीवित रहेगा - डॉ. प्रतिमा झा

मौके पर उपस्थित उपायुक्त की धर्मपत्नी डॉ. प्रतिमा झा ने भी भावुक शब्दों में कहा कि कर्ण सिंह चौधरी की ईमानदारी – कार्य निष्ठा से एक विशेष लगाव बन गया था। उन्होंने कहा कि वे हमेशा हमारी यादों का हिस्सा बने रहेंगे।

पहली बार दिखी ऐसी संवेदनशीलता और अपनापन

अक्सर सरकारी विदाई समारोह औपचारिकता तक सीमित रह जाते हैं, लेकिन इस अवसर पर जो अपनापन, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला, वह विरल था। उपायुक्त द्वारा स्वयं आगे बढ़कर सम्मान देना और अपने वाहन से उन्हें घर तक भिजवाना, इस विदाई को विशेष और यादगार बना गया।

सभी ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

समारोह में उपस्थित अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढांडा, डीसीएलआर चास श्री प्रभाष दत्ता सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भी कर्ण सिंह चौधरी के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना की।

अंत में जब कर्ण सिंह चौधरी को सम्मानपूर्वक विदा किया गया, तो वह क्षण केवल एक कर्मचारी की विदाई नहीं, बल्कि एक परिवार के सदस्य से बिछड़ने जैसा प्रतीत हो रहा था - एक ऐसा दृश्य, जिसने प्रशासनिक तंत्र में मानवीय संवेदनाओं की नई मिसाल कायम कर दी।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रेमचंद सिन्हा, डीडीएमओ श्री शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी – कर्मी उपस्थित थे।


Post a Comment

0 Comments