भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) के अंतर्गत 30 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले गणना चरण के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को गिरिडीह जिले के खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, वहीं बगोदर-सरिया विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रवार प्रतिनियुक्त वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 28-धनवार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ, श्री समीर रेनियर खलखो ने की। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बी.एल.ए.-1 ने भाग लिया।
बैठक के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की रूपरेखा, उद्देश्य एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही गणना चरण की कार्यप्रणाली, निर्धारित समय-सारिणी, बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ए.-2 की भूमिका एवं दायित्व, ASDD सहित विभिन्न सत्यापन प्रक्रियाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई जन-जागरूकता सामग्री जैसे पोस्टर एवं लीफलेट के प्रभावी उपयोग, पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने, त्रुटियों के निराकरण तथा मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष बल दिया गया। श्री समीर रेनियर खलखो ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बी.एल.ए.-2 के माध्यम से बूथ स्तर पर बी.एल.ओ. के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घर-घर गणना एवं सत्यापन कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
वंही इधर, 29-बगोदर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, बगोदर-सरिया के नेतृत्व में सरिया कॉलेज, सरिया में मतदान केन्द्रवार प्रतिनियुक्त वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की पूरी प्रक्रिया, वॉलंटियर्स की भूमिका, मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के संधारण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य गणना एवं सत्यापन कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराना है। बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल संचालन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।








0 Comments