Translate

कक्षा मॉनिटरिंग को सुदृढ़ बनाकर कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।

दिनांक 22 जून से 2 जुलाई के बीच शिक्षा परियोजना बोकारो द्वारा 131 सीआरपी एवं बीआरपी के लिए तीन बैचों में दो-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता एडीपीओ श्री उदय कुमार सिंह द्वारा की गई।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों की विषयगत समझ को सुदृढ़ करना तथा कक्षा अवलोकन के लिए ई-विद्या वाहिनी (EVV) एप्लिकेशन में दिए गए संकेतकों पर उनकी स्पष्ट समझ विकसित करना था। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि विद्यालय भ्रमण के दौरान प्रतिभागी कक्षा का प्रभावी एवं सूक्ष्म अवलोकन कर सकें, सही जानकारी दर्ज करें तथा शिक्षकों को रचनात्मक सुझाव एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर सकें।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों के साथ बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (FLN), नई पाठ्यपुस्तकों की समझ, प्रभावी कक्षा शिक्षण प्रक्रियाओं, शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के उपयोग, पुस्तकालय संचालन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

द्वितीय दिवस में ई-विद्या वाहिनी एप्लिकेशन के प्रभावी उपयोग, उसमें पूछे जाने वाले प्रश्नों के प्रकार, विकल्पों के अर्थ तथा उनसे संबंधित विभिन्न कक्षा परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कक्षा की शिक्षण गुणवत्ता के साथ-साथ बच्चों के सीखने के स्तर का आकलन करने के लिए स्पॉट असेसमेंट की प्रक्रिया एवं उसके महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान एडीपीओ श्री उदय कुमार सिंह ने विद्यालय एवं कक्षा की गुणवत्तापूर्ण मॉनिटरिंग, ई-विद्या वाहिनी प्लेटफॉर्म के सुव्यवस्थित उपयोग, सही एवं तथ्यात्मक जानकारी दर्ज करने तथा शिक्षकों को प्रभावी शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने इस कार्य के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान की गहन समझ विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इसके अतिरिक्त एपीओ श्री अभिनव कुमार सिन्हा ने ई-विद्या वाहिनी से प्राप्त आंकड़ों के प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन आंकड़ों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा क्लस्टर एवं प्रखंड स्तरीय बैठकों में शैक्षणिक चर्चाओं और अकादमिक सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान जिला मास्टर ट्रेनर श्री मनोज कुमार उपाध्याय, रूम टू रीड संस्था से जिला अकादमिक समन्वयक सिद्धार्थ पटेल, राज्य परियोजना कार्यालय (SPMU) से अनुप्रिया रावत एवं कुलदीपक परमार भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments