अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें :- उपायुक्त
■ *जिला अन्तर्गत अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध नियमित संयुक्त अभियान चलाए जाए:-उपायुक्त*
===============
*आज दिनांक 29.07.2026 को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में खनन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।*
*बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण की वर्तमान स्थिति, पूर्व में संचालित छापामारी अभियानों की प्रगति की विभागवार कार्रवाई एवं कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिए गए कि बिना वैध चालान अथवा परिवहन अनुमति के खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। ऐसे वाहनों को जब्त करते हुए संबंधित व्यक्तियों पर विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।*
*बैठक में अवैध खनन की रोकथाम के लिए सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर भी विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं ग्रामीण स्तर पर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा जिन स्थानों पर अवैध उत्खनन की संभावना अधिक है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन, जीपीएस आधारित निगरानी एवं अन्य आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जाए ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही वाहन जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न जांच स्थलों पर नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।*
*बैठक में पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेष अभियान संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।*
*बैठक में पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार ,अपर समाहर्ता, गोड्डा श्री इन्दर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री आलोक वरण केसरी, पुलिस उपाधीक्षक हैडक्वाटर श्री जेपीएन चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी, गोड्डा श्री सन्नी कुमार,जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी भुदोलिया,नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी गोड्डा श्री अरविंद प्रसाद अग्रवाल, संबंधित थानों के थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।*


0 Comments