Translate

गिरिडीह जिले के तेलोडीह पंचायत में सोशल मीडिया क्रिएटर्स का फूल-माला पहनाकर सम्मान, ई-गवर्नेंस पंचायत बनाने पर जोर।

 गिरिडीह जिले के तेलोडीह पंचायत सचिवालय में पंचायत को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और ई-गवर्नेंस पंचायत के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अनोखी पहल की गई। पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम ने पंचायत क्षेत्र के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स का फूल-माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि आज सोशल मीडिया सूचना, जागरूकता और जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बन चुका है। पंचायत की योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से पंचायतवासियों तक पहुंचाने में स्थानीय क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में कैशलेस इंडिया अभियान के दौरान तेलोडीह पंचायत ने जिले में बेहतर प्रदर्शन किया था, जबकि वर्ष 2026 में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। अब पंचायत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ई-गवर्नेंस आधारित मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

मुखिया ने कहा कि पंचायत स्तर पर सोशल मीडिया क्रिएटर्स का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। बेहतर कार्य और प्रदर्शन करने वाले क्रिएटर्स को पंचायत स्तर से प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में मीडिया कर्मियों एवं पत्रकारों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। मुखिया ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पंचायत के विकास, डिजिटल व्यवस्था और ई-गवर्नेंस को मजबूत बनाने में इसी तरह सहयोग जारी रखने की अपील की।

कार्यक्रम में मौजूद क्रिएटर्स ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए डिजिटल पंचायत निर्माण में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया।

Post a Comment

0 Comments