नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरूवार को प्रशिक्षण कोषांग द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम डीएवी इस्पात विद्यालय सेक्टर 2/सी में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 60 मतगणना सुपरवाइजर एवं 117 मतगणना सहायकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रांजल ढांडा, प्रभाष दत्ता, प्रेमचंद सिन्हा तथा जगरनाथ लोहरा उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में मतगणना से जुड़े सभी नियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों* ने सक्रिय भागीदारी की।
चरणबद्ध मतगणना प्रक्रिया की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मतपत्रों की जांच, वैध एवं अमान्य मतों की पहचान, राउंडवार गणना, प्रपत्रों का संधारण, परिणाम पत्रक तैयार करने की प्रक्रिया तथा बैलेट बॉक्स से संबंधित आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों द्वारा मॉक काउंटिंग के माध्यम से कर्मियों को व्यावहारिक अभ्यास कराया गया ताकि वास्तविक मतगणना के दौरान किसी प्रकार की भ्रम या त्रुटि की संभावना नहीं रहे।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रत्याशियों एवं एजेंटों की उपस्थिति, आपत्ति निवारण की प्रक्रिया तथा समयबद्ध परिणाम घोषणा को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
पारदर्शिता और सावधानी से करें मतगणना : डीडीसी
उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत संवेदनशील चरण है। प्रत्येक मत की गणना पूरी सावधानी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा किसी भी शंका की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने मतगणना कर्मियों से दोपहिया वाहन से आने की अपील की।
मतपत्र पहचान और राउंडवार गणना पर विशेष मार्गदर्शन
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास प्रांजल ढांडा ने वैद्य मतपत्र की पहचान, मतगणना प्रपत्रों के संधारण तथा राउंडवार गणना की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा पूरे परिसर को सीसीटीवी निगरानी में रखा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि चास नगर निगम में पांच राउंड तथा फुसरो नगर परिषद में चार राउंड में मतगणना प्रस्तावित है।
सूक्ष्म त्रुटियों से भी बचने की दी सलाह
फुसरो नगर परिषद के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो तेनुघाट मुकेश मछुआ ने मतगणना कर्मियों को छोटी से छोटी त्रुटियों से बचने और शांतिपूर्वक गणना करने की सलाह दी।
वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग प्रभाष दत्ता ने प्रपत्र 17 एवं प्रपत्र 18 के मिलान तथा बैलेट पेपर की क्रमवार गिनती पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बराबर मत होने पर लॉटरी से होगा निर्णय
मास्टर ट्रेनर आशुतोष कुमार ने बताया कि यदि दो या अधिक प्रत्याशियों को समान मत प्राप्त होते हैं तो नियमानुसार लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से विजेता घोषित किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी मतगणना कर्मियों को अनुशासन, गोपनीयता एवं समन्वय बनाए रखते हुए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया गया, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।







0 Comments